यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हसीन जहां का आरोप, शमी ने बीसीसीआइ को दिए थे झूठे प्रमाणपत्र
हसीन जहां ने शमी पर आरोप लगाया कि बंगाल अंडर-22 टीम में चयन के लिए शमी ने फर्जी प्रमाणपत्र बनाया था।

जेएनएन, कोलकाता। क्रिकेटर मुहम्मद शमी को बीसीसीआइ से क्लीन चिट मिल चुकी है, लेकिन उनकी पत्नी हसीन जहां अभी भी शमी पर गंभीर आरोप लगाती जा रही हैं। हाल में हसीन जहां ने दावा किया था कि क्रिकेटर ने उनके साथ दुष्कर्म करके जंगल में फेंकने की साजिश रची थी, जिसे सुनकर क्रिकेट जगत हैरान रह गया था। अब शनिवार को हसीन जहां ने शमी पर आरोप लगाया कि बंगाल अंडर-22 टीम में चयन के लिए शमी ने फर्जी प्रमाणपत्र बनाया था।
यह आरोप हसीन जहां ने अपने फेसबुक अकाउंट पर शमी के ड्राइविंग लाइसेंस की तस्वीर शेयर करते हुए लगाया है। इसमें लिखा गया-'देखो दोस्तों, शमी की कब की पैदाइश है।' हसीन जहां ने बाद में फोटो और पोस्ट को डिलीट कर दिया। उन्होंने शमी के प्रमाणपत्र की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था-'देखो दोस्तों शमी की कब की पैदाइश है और मीडिया में बैठकर दुनिया के सामने खुद को 1990 का बताता है। फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर बीसीसीआइ और जनता को उल्लू बनाया। आप ही बताओ उस लड़के का क्या दोष था जो कि शमी के कारण खेल नहीं पाया।
दुनिया को शमी ने बताया कि मैं उम्र में बड़ी हूं, लेकिन देखो कौन बड़ा है। उसने कई बार फर्जी कागजात बनवाए हैं। शमी के जन्म का साल 1982 है।' शमी की मौजूदा उम्र 28 साल है, जिसके बारे में हसीन ने दावा किया है कि वह झूठा है। उन्होंने लिखा है-'दोस्तों, आप सब भी झूठे प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।' हसीन जहां ने आगे लिखा कि अगर अभी भी बीसीसीआइ या उत्तर प्रदेश सरकार इस बात को दबाती है तो दोस्तों आप सब भी ऐसे झूठे प्रमाणपत्र बनाकर अपने काम में ला सकते हैं। गौरतलब है कि मुहम्मद शमी अभी दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से आइपीएल खेल रहे हैं।
