बंगाल:दक्षिण 24 परगना के भांगड़ कॉलेज भिड़े SFI-ISF और ABVP कार्यकर्ता, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
दक्षिण 24 परगना के भांगड़ कॉलेज में भाजपा नेता सायंतन बसु के पहुंचने पर एसएफआई और आईएसएफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद एबीवीपी समर्थकों से झड़प हुई।

भांगड़ कॉलेज भिड़े छात्र संगठन
HighLights
भाजपा नेता सायंतन बसु के कॉलेज पहुंचने पर छात्रों का विरोध।
एसएफआई, आईएसएफ और एबीवीपी समर्थकों के बीच हुई झड़प।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, कुछ हिरासत में।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के भांगड़ कालेज में सोमवार को भाजपा नेता सायंतन बसु के पहुंचने पर तनाव पैदा हो गया। कालेज संचालन समिति के अध्यक्ष बनाए गए बसु पहली बार कालेज पहुंचे थे।
उनके पहुंचते ही माकपा के छात्र संगठन एसएफआई और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) समर्थक छात्रों ने मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद एबीवीपी समर्थकों ने भी विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोनों पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 100 एसएफआइ और आइएसएफ समर्थक छात्रों ने बसु की गाड़ी को कालेज के मुख्य द्वार पर रोक दिया।
प्रदर्शन के कारण कालेज का गेट बंद कर दिया गया और बसु को कुछ समय तक बाहर ही रहना पड़ा। बाद में पुलिस सुरक्षा में उन्हें कालेज के अंदर ले जाया गया, जहां उन्होंने कालेज अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कालेज की चारदीवारी फांदकर अंदर आने और लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया।
कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।दोनों पक्षों ने लगाए आरोपएसएफआइ ने सायंतन बसु को संचालन समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर सवाल उठाया। दूसरी ओर, एबीवीपी ने एसएफआई और आईएसएफ समर्थकों पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप लगाया।
बसु ने कहा कि एसएफआई और आईएसएफ शिक्षण संस्थानों में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। भांगड़ कालेज में पिछले सप्ताह भी आइएसएफ और एबीवीपी समर्थकों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के कम से कम आठ छात्र घायल हुए थे। पुलिस उस घटना से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है।
