दादी के शव के साथ जलती हुई इलेक्ट्रिक भट्टी में कूद गया पोता, बुरी तरह झुलसा
नदिया जिले के नवद्वीप श्मशान घाट पर एक 30 वर्षीय युवक अपनी मृत दादी के शव के साथ जलती हुई इलेक्ट्रिक भट्टी में कूद गया।

दादी के शव के साथ जलती हुई इलेक्ट्रिक भट्टी में कूद गया पोता। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
पोता दादी के शव के साथ जलती भट्टी में कूदा।
श्मशान कर्मियों ने युवक को बचाया, बुरी तरह झुलसा।
दादी से अत्यधिक लगाव और मानसिक तनाव घटना की वजह।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। नदिया जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। नवद्वीप श्मशान घाट पर मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 30 वर्षीय युवक अपनी मृत दादी के शव के साथ जलती हुई इलेक्ट्रिक भट्टी (इलेक्ट्रिक शवदाह गृह) में कूद गया।
गेदे सीमावर्ती इलाके से एक बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन नवद्वीप श्मशान घाट पहुंचे थे। श्मशान घाट के कर्मचारी जैसे ही 'हरि बोल' के नारों के बीच महिला के शव को ट्रॉली से भट्टी के भीतर डाल रहे थे, तभी भीड़ को चीरता हुआ मृतक का पोता इंद्रजीत विश्वास (30) जलती हुई भट्टी की ओर लपक पड़ा और सीधे शव के ऊपर जा गिरा।
मुस्तैदी से बची जान, फिर भी बुरी तरह झुलसा
अचानक घटी इस घटना से वहां मौजूद अंतिम यात्र में आए लोग और कर्मचारी सन्न रह गए। हालांकि, श्मशान कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और युवक को भट्टी के मुहाने से खींचकर बाहर निकाला। जब तक उसे बाहर निकाला गया, भट्टी की अत्यधिक तपन से युवक का चेहरा और शरीर का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह झुलस चुका था।
घटना के तुरंत बाद झुलसी हालत में इंद्रजीत को नवद्वीप स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, फिलहाल युवक की हालत स्थिर बनी हुई है।
लगाव और मानसिक तनाव बनी वजह
इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह बताते हुए परिवार के सदस्य आकाश वैद्य ने कहा कि इंद्रजीत अपनी दादी से बहुत प्यार करता था और उनके बेहद करीब था। दादी के अचानक चले जाने का सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पाया। परिजनों के मुताबिक, इंद्रजीत पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से भी जूझ रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
