राज्यपाल ने की बंगाल व कोलकाता पुलिस की सराहना, अभीतक पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं
कोरोना महामारी व एम्फन तूफान के समय राज्य के लोगों की सेवा करनेवाले बंगाल व कोलकाता पुलिस के जवानों का वह सम्मान करते हैं। उन्होंने लिखा साहसी पुलिस के जवानों को सलाम। उन्होंने पुलिस को हमेशा ही निष्पक्ष होकर कार्य करने का सुझाव भी दिया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल व कोलकाता पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठाते आ रहे राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर पुलिस कर्मियों के कार्यों की सराहना की। राज्यपाल ने ट्वीट कर कहा कि कोरोना महामारी व एम्फन तूफान के समय राज्य के लोगों की सेवा करनेवाले बंगाल व कोलकाता पुलिस के जवानों का वह सम्मान करते हैं। उन्होंने पुलिस को हमेशा ही निष्पक्ष होकर कार्य करने का सुझाव भी दिया है।
राजनीति से मुक्त होकर काम करने का परामर्श
उन्होंने लिखा, साहसी पुलिस के जवानों को सलाम। इन लोगों ने जिस प्रकार से पारिवारिक दायित्वों को भूल कर कोरोना महामारी व एम्फन चक्रवात के समय लोगों की सेवा की है, इनके इस नि:स्वार्थ त्याग का वह सम्मान करते हैं। इसके साथ ही राज्यपाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक बार फिर निष्पक्ष होने और पुलिस प्रशासन को राजनीति से मुक्त होकर काम करने देने का परामर्श दिया।
राज्य प्रशासन व पुलिस की भूमिका पर सवाल
गौरतलब है कि पिछले साल पद संभालने के बाद से ही राज्यपाल राज्य प्रशासन व पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल खड़े करते रहे हैं। खासकर राज्य में हो रही राजनीतिक हत्याओं एवं विपक्षी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को परेशान करने को लेकर पुलिस अधिकारी हमेशा उनके निशाने पर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भी की पुलिसकर्मियों की सराहना
इधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर राज्य के पुलिसकर्मियों व उनके परिजनों की सराहना की। ममता ने ट्विटर पर लिखा, 'इस महामारी में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिसकर्मियों के अथक परिश्रम के लिए वह उन्हें बधाई देती हैं।
एक सितंबर को बंगाल में पुलिस दिवस मना रहे
इस वर्ष से एक सितंबर को बंगाल में पुलिस दिवस भी मनाया जा रहा है। पुलिस परिवार में मानवीय बहादुर पुरुष व महिलाएं हैं। इनमें से कइयों को कोविड-19 का संक्रमण हुआ और वह ठीक हुए हैं। वह अब प्लाज्मा डोनेट कर रहे हैं। देश भर में पुलिसकर्मियों ने उत्कृष्ट कार्य किया है।'