राजभवन व बंगाल सरकार में टकराव के बीच राज्यपाल धनखड़से मिले मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय
राजभवन व ममता सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर लगातार जारी टकराव के बीच राज्य के मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने गुरुवार को राजभवन जाकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ के साथ मुलाकात की। राज्यपाल ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : राजभवन व ममता सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर लगातार जारी टकराव के बीच राज्य के मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने गुरुवार को राजभवन जाकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ के साथ मुलाकात की। राज्यपाल ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर धनखड़ ने लिखा, ममता सरकार के मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने राजभवन में आकर मुलाकात की।
मुख्य सचिव एक घंटे से अधिक समय तक उनके साथ रहे। इधर, राजभवन सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान राज्यपाल व मुख्य सचिव के बीच कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को नववर्ष एवं मकर संक्रांति की भी शुभकामनाएं दी। इधर, राज्य सरकार का कहना है कि राज्यपाल के साथ यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। बताते चलें कि कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अचानक राजभवन जाकर राज्यपाल के साथ मुलाकात की थी। राज्यपाल के साथ उन्होंने एक घंटे से ज्यादा समय तक बैठक की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी राज्यपाल को नववर्ष की शुभकामनाएं दी थी।
गौरतलब है कि बंगाल सरकार व राज्यपाल धनखड़ के बीच विभिन्न मुद्दों पर लगातार टकराव चल रहा है। राज्यपाल अक्सर ट्विटर व मीडिया के माध्यम से राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं सियासी हिंसा समेत केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं किए जाने को लेकर लगातार ममता सरकार पर सवाल दागते रहे हैं। वहीं, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस भी राज्यपाल पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने व संवैधानिक पद की गरिमा कम करने का आरोप लगाती रही है।