Move to Jagran APP

राज्यपाल धनखड़ की कड़ी चेतावनी- आग से न खेलें ममता बनर्जी, संविधान का पालन नहीं हुआ तो मेरा रोल होगा शुरू

राज्यपाल ने कहा कि भारत के संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। यदि मुख्यमंत्री अपने रास्ते से भटकेंगी तो मेरा रोल शुरू हो जाएगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हुए हमले को लेकर राज्यपाल ने कहा कि कल हुई घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

By Preeti jhaEdited By: Published: Fri, 11 Dec 2020 02:11 PM (IST)Updated: Fri, 11 Dec 2020 05:55 PM (IST)
राज्यपाल धनखड़ की कड़ी चेतावनी- आग से न खेलें ममता बनर्जी, संविधान का पालन नहीं हुआ तो मेरा रोल होगा शुरू
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के बाद कानून व्यवस्था के मुद्दे पर शुक्रवार को राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को संविधान का पालन करना होगा। वह अपने रास्ते से नहीं भटक सकती हैं। राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति लंबे समय से लगातार बिगड़ रही है।

loksabha election banner

राज्यपाल ने कहा कि भारत के संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। यदि मुख्यमंत्री अपने रास्ते से भटकेंगी तो मेरा रोल शुरू हो जाएगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हुए हमले को लेकर राज्यपाल ने कहा कि कल हुई घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ये हमारे लोकतांत्रिक ताने-बाने पर एक धब्बा है। मैंने केंद्र सरकार को बेहद परेशान करने वाले घटनाक्रमों के बारे में एक रिपोर्ट भेजी है, जिसकी विषयवस्तु साझा नहीं कर सकता हूं।

बाहरवाला, अंदरवाला कहना एक खतरनाक खेल

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा, 'राज्य में कौन बाहरी है, उनका इससे क्या मतलब है? क्या भारतीय नागरिक भी बाहरी हैं, ममता को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। मुख्यमंत्री को आग से नहीं खेलना चाहिए। बाहरी कहना संविधान का अपमान है। बाहरवाला, अंदरवाला कहना एक खतरनाक खेल है। ममता संविधान के हिसाब से काम करें।'

संविधान का पालन करें ममता

राज्यपाल ने कहा, 'ममता बनर्जी को संविधान के हिसाब से काम करना चाहिए। ममता से विनती है कि वो संविधान का पालन करें। यदि ममता भटकेंगी तो मेरे दायित्व की शुरुआत होगी। संविधान की आत्मा पर और कितना हमला होगा। संविधान की आत्मा का ध्यान रखें, भारत एक है उसका नागरिक एक है। मुझे विश्वास है कि ममता मेरी बात पर ध्यान देंगी।'

बंगाल के लोगों की रक्षा करना मेरा कर्तव्य

राज्यपाल ने कहा कि बंगाल के लोगों की रक्षा करना मेरा कर्तव्य है। भारत के संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। सरकारी तंत्र का राजनीतिकरण हो रहा है। क्या ये लोकतंत्र की हत्या नहीं है। ऐसे प्रशासन पर मुझे शर्म आती है। मैं बंगाल में शांति चाहता हूं।

मानवाधिकार के दिन हुआ हमला मानवाधिकार पर हमला है

भाजपा नेताओ पर हुए हमले का जिक्र करते हुए राज्यपाल धनखड़ ने कहा, 'मानवाधिकार के दिन हुआ हमला मानवाधिकार पर हमला है। कल हुआ हमला लोकतंत्र पर धब्बा है और बेहद शर्मनाक है। बंगाल में संविधान की मर्यादाएं टूट रही हैं। बंगाल में पुलिस प्रशासन फेल हो गया है। बेलगाम ढंग से कल लोग सड़कों पर उतरे थे। मैंने कल हुए हमले को लेकर डीजीपी को जानकारी दी थी। ममता को कल की घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्हें भाजपा अध्यक्ष पर दिए अपने बयान को वापस लेना चाहिए। वे बदले की भावना से काम कर रही हैं।' 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.