भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने किम जोंग से की ममता बनर्जी की तुलना
mamata banerjee. अक्सर सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री व बिहार के नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है।
जेएनएन, कोलकाता। अपने बयानों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री व बिहार के नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए उनकी तुलना उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से कर दी। गिरिराज ने कहा कि ममता बनर्जी किम जोंग उन की तरह हैं। वह अपनी आलोचना करने वाले लोगों को किम जोंग की तरह ही मरवा देती हैं।
गिरिराज ने कहा कि पश्चिम बंगाल देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां लोकतंत्र के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने यह बयान पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रस्तावित
रथयात्रा को ममता सरकार द्वारा इजाजत नहीं दिए जाने पर दिया है। राज्य सरकार का कहना है कि इस रथयात्रा से सांप्रदायिक हिंसा हो सकती है, लिहाजा इसकी इजाजत नहीं दी जा सकती है। ममता भाजपा की इस रथयात्रा को रावण यात्रा तक करार दे चुकी हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट की खंडपीठ ने भी बीते शुक्रवार को रथयात्रा की अनुमति देने से इन्कार कर दिया था।
इससे पहले हाई कोर्ट की एकल पीठ ने बीते गुरुवार को रथयात्रा निकालने की सशर्त इजाजत दी थी। राज्य सरकार द्वारा इस फैसले को चुनौती देने पर खंडपीठ ने इसे रद कर दिया। यह मामला वापस एकल पीठ के पास भेज दिया गया है।