विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गुजरात के बाद बंगाल बनेगा दूसरी कर्मभूमि', गौतम अदाणी का बड़ा एलान; एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश का वादा

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:36 PM (IST)

गौतम अदाणी ने घोषणा की है कि अदाणी समूह 2035 तक पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा।

गौतम अदाणी ने की बंगाल की नई सरकार की तारीफ

गौतम अदाणी ने की बंगाल की नई सरकार की तारीफ

HighLights

  1. अदाणी समूह 2035 तक बंगाल में ₹1 लाख करोड़ निवेश करेगा।

  2. कोलकाता में 2000 बिस्तरों वाले अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखी।

  3. निवेश से बंदरगाह, बिजली, लॉजिस्टिक्स और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की नई भाजपा सरकार द्वारा निवेश आकर्षित करने के प्रयासों के बीच अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को घोषणा की कि उनका समूह 2035 तक राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा।

अदाणी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कोलकाता के पास न्यूटाउन में बनने वाले 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल- अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि समूह विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ पर 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगा और इस परियोजना से 10,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने वादा किया कि गैर-लाभकारी इस प्रस्तावित अस्पताल की आधी बिस्तर क्षमता यानी कुल 2,000 में से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उपचार के लिए आरक्षित रखी जाएगी।

गौतम अदाणी ने अपनी पत्नी और अदाणी फाउंडेशन की प्रमुख प्रीति अदाणी, बेटे एवं अदाणी पोर्ट्स के प्रबंध निदेशक करण अदाणी तथा मुख्यमंत्री शुभेंदु के साथ अस्पताल के लिए भूमि पूजन किया। अदाणी समूह द्वारा 51 एकड़ जमीन पर बनाए जाने वाले इस अत्याधुनिक अस्पताल में एक मेडिकल कालेज के साथ अनुसंधान और उपचार से जुड़ी सुविधाएं भी होंगी।

दिग्गज उद्योगपति ने कहा कि बंगाल में अदाणी समूह द्वारा 2035 तक एक लाख करोड़ का प्रस्तावित निवेश बंदरगाह, लाजिस्टिक, बिजली उत्पादन व पारेषण, सड़क, ब्रिज व रोपवे, हरित सीमेंट और डेटा सेंटर के क्षेत्रों में किया जाएगा।

बंगाल में बड़े मौके इंतजार कर रहे हैं

अदाणी ने इस दौरान शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली बंगाल की नई सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने शुभेंदु को सच्चा भूमिपुत्र भी बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के बाद बंगाल कामकाज का दूसरा बड़ा केंद्र है। यहां बड़े मौके इंतजार कर रहे हैं।

बंगाल को पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए देश का प्राकृतिक समुद्री और लॉजिस्टिक सेतु बताते हुए अदाणी ने कहा कि राज्य में एशिया के सबसे बड़े एकीकृत औद्योगिक और आर्थिक मंच में से एक बनने की क्षमता है।

अदाणी ने गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह को समूह की पहली ‘कर्मभूमि’ बताया और उम्मीद जताई कि बंगाल उसकी दूसरी ‘कर्मभूमि’ बनेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल का जागरण और प्रगति भारत की गति में तब्दील होगी। इस अवसर पर अदाणी ग्रुप के साथ दो एमओयु पर भी हस्ताक्षर किए गए।

इसमें पहला एमओयू- ऐतिहासिक 'राइटर्स बिल्डिंग' के जीर्णोद्धार और दूसरा कुम्हारटोली घाट के पुनरोद्धार और कोलकाता की दुर्गा पूजा को दुनिया के सामने पेश करने से जुड़ी है।

शिलान्यास से पहले अदाणी ने कालीघाट मंदिर में की पूजा

मई में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली बार बुधवार रात कोलकाता पहुंचे गौतम अदाणी ने गुरुवार को अस्पताल के शिलान्यास से पहले अपनी पत्नी संग सुबह यहां कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की।

शुभेंदु और गौतम अदाणी के बीच बैठक भी हुई

अस्पताल के शिलान्यास के बाद गौतम अदाणी की मुख्यमंत्री के साथ अलीपुर स्थित सौजन्य में बैठक भी हुई। इसमें राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को लेकर दोनों के बीच लंबी चर्चा हुई। अदाणी ने मुख्यमंत्री के साथ में दोपहर का भोजन भी किया। इसके बाद अदाणी ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की।

आज बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन:शुभेंदु

वहीं, अदाणी अस्पताल के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। राज्य सरकार अदाणी समूह के साथ मिलकर राज्य के औद्योगिक और स्वास्थ्य क्षेत्र को नया स्वरूप देने के लिए काम कर रही है।

शुभेंदु ने कहा कि मई में मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद उन्होंने उद्योगपति से राज्य में निवेश करने का आग्रह किया था और समूह ने कुछ ही महीनों में स्वास्थ्य क्षेत्र की इस परियोजना का शिलान्यास कर दिया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से पूर्वोत्तर राज्यों और पड़ोसी देशों से चिकित्सा पर्यटकों को आकर्षित करने की भी उम्मीद है।