गंगा में कटाव से मालदा डिवीजन में ट्रेन सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनें रद
झारखंड के साहिबगंज जिले में गंगा नदी के कटाव के कारण पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

गंगा में कटाव से मालदा डिवीजन में ट्रेन सेवाएं प्रभावित।
HighLights
साहिबगंज में गंगा कटाव से मालदा डिवीजन की ट्रेनें प्रभावित।
कई ट्रेनें रद, कुछ के मार्ग बदले, कुछ संक्षिप्त यात्रा।
डाउन लाइन पर परिचालन निलंबित, अप लाइन धीमी गति से।
जेएनएम, मालदा। पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मालदा डिवीजन के अंतर्गत झारखंड के साहिबगंज जिले के सकरीगली और महाराजपुर इलाके में गंगा नदी के किनारे कटाव होने से रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ है। इसके चलते कई ट्रेनों को रद किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव और कुछ की यात्रा को संक्षिप्त किया गया है।
साहिबगंज-बरहरवा सेक्शन में सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन बंद रखा गया है।
ये ट्रेनें हुई रद
रद की गई ट्रेनों में 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू, 63421 आजीमगंज-साहिबगंज मेमू, 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू, 63063 बर्दवान-साहिबगंज मेमू, 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर, 13427 हावड़ा-साहिबगंज एक्सप्रेस, 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू, 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू, 63422 साहिबगंज-आजीमगंज मेमू, 63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू, 63064 साहिबगंज-बर्दवान मेमू और 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर शामिल हैं।
कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव
13106 बलिया-शियालदह एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा 29 सितंबर से शुरू हुई, और 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा 28 सितंबर से शुरू हुई, मुंगेर-भागलपुर-बांका-देवघर-जसीडीह बाइपास होकर चलेगी। दोनों ट्रेनें भागलपुर और देवघर स्टेशनों पर रुकेंगी।
वहीं, 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा 30 सितंबर से शुरू हुई, किऊल-झाझा-आसनसोल होकर चलेगी।
कुछ ट्रेनों की यात्रा भी संक्षिप्त की गई है। 53029 आजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर, जिसकी यात्रा 29 सितंबर से शुरू हुई, बरहरवा स्टेशन तक चलेगी और वहीं यात्रा समाप्त करेगी।
53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर और 13409 मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस, जिनकी यात्रा 30 सितंबर से शुरू हुई, साहिबगंज स्टेशन से रवाना होंगी।
पूर्व रेलवे के अनुसार, गंगा नदी के कटाव के कारण रेलवे लाइन से महज 13 मीटर की दूरी पर जमीन धंस गई है। डाउन लाइन को निलंबित कर दिया गया है। ऑफ लाइन पर ट्रेनों का परिचालन धीमी गति से किया जा रहा है।
