टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज व भाजपा प्रत्याशी अशोक डिंडा की गाड़ी पर पथराव, पीठ में लगी चोट
तमलुक से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरेकृष्ण बेरा की थाने के सामने पिटाई अस्पताल में भर्ती। बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद तृणमूल समझ गई है वह हारने वाली है इसलिए राज्य के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज व पूर्व मेदिनीपुर की मोयना विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अशोक डिंडा की गाड़ी पर मंगलवार को कुछ लोगों ने पथराव किया। इससे गाड़ी के शीशे टूट गए। डिंडा की पीठ पर चोट लगी है। आरोप तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर लगा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 50 से ज्यादा लोगों ने मोयना बाजार के पास अशोक डिंडा की गाड़ी को घेर लिया और उसपर पथराव किया।
इस घटना पर डिंडा ने कहा-'हम अपना चुनाव प्रचार खत्म कर लौट रहे थे। मोयना बाजार के पास मेरी कार पर हमला किया गया। एक ईंट मेरे कंधे पर लगी। मैंने किसी तरह खुद को बचाया। यह साजिश है। तृणमूल यही करती है। हम मनुष्य हैं। हम उनके स्तर पर नहीं उतर सकते।
दूसरी तरफ तमलुक थाने के सामने तमलुक से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरेकृष्ण बेरा की कुछ लोगों ने पिटाई की। उन्हें तमलुक जिला अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद तृणमूल समझ गई है कि वह हारने वाली है इसलिए राज्य के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा जा रहा है। आतंक का माहौल तैयार किया जा रहा है।