पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य व उनकी पत्नी को अस्पताल से मिली छुट्टी, फिलहाल सेफ होम में रहेंगे
कोरोना संक्रमित हुए बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य व उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हालांकि वे अभी दक्षिण कोलकाता के पाम एवेन्यू स्थित अपने घर नहीं लौटे बल्कि दोनों को उनके घर के पास सेफ होम में ले जाया गया है
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोरोना संक्रमित हुए बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य व उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, हालांकि वे अभी दक्षिण कोलकाता के पाम एवेन्यू स्थित अपने घर नहीं लौटे बल्कि दोनों को उनके घर के पास एक सेफ होम में ले जाया गया है, जहां से वे पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही घर लौटेंगे।
बुद्धदेव व उनकी पत्नी का कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। दोनों के स्वास्थ्य में उन्नति होने के कारण बुधवार दोपहर उन्हें छुट्टी दे दी गई और घर में पृथकवास में रहने को कहा गया, हालांकि वहां दोनों की देखभाल करने के लिए कोई नहीं होने के कारण फिलहाल घर के पास स्थित सेफ होम में रखने का निर्णय लिया गया। अस्पताल के डॉक्टर दोनों के लगातार संपर्क में रहेंगे और उनके स्वास्थ्य पर कड़ी नजर रखेंगे। गौरतलब है कि बुद्धदेव व उनकी पत्नी कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे।
मीरा भट्टाचार्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जबकि बुद्धदेव ने अस्पताल में भर्ती होने से इन्कार कर दिया था। वह घर में ही इलाज करा रहे थे। मीरा भट्टाचार्य अस्पताल से स्वस्थ होकर घर लौट आई थीं। उसके बाद बुद्धदेब की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद उनहें दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीरा भट्टाचार्य की भी तबीयत फिर से बिगड़ गई। उन्हें भी उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।