Assam Flood: बाढ़ प्रभावित असम में राहत कार्यों में युद्धस्तर पर जुटी है सेना, 900 लोगों को सुरक्षित निकाला
Assam Flood Latest Updates सेना के जवानों ने जिले के बाढ़ प्रभावित विभिन्न इलाकों से 900 से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इस तरह लोगों की जान बचाने में सेना फिर यहां देवदूत बनकर सामने आई है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । असम में आई बाढ़ व भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में सेना युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्यों में जुटी है। सेना के पूर्वी कमान अंतर्गत गजराज कोर के कई कालम सैनिक बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित होजई जिले के विभिन्न हिस्सों में 17 मई की शाम से निरंतर बचाव कार्यों में जुटे हैं। कोलकाता में पूर्वी कमान मुख्यालय की ओर से एक बयान में बताया गया कि तत्काल आवश्यकता के आधार पर सेना की टीमों द्वारा बाढ़ में फंसे बहुमूल्य मानव जीवन को बचाने के लिए त्वरित और समन्वित कार्रवाई की जा रही है। इसमें महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को जलमग्न क्षेत्रों से निकालने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि समय पर और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 19 मई की सुबह तक सेना के जवानों ने जिले के बाढ़ प्रभावित विभिन्न इलाकों से 900 से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इस तरह लोगों की जान बचाने में सेना फिर यहां देवदूत बनकर सामने आई है। बयान में बताया गया कि होजई जिले में बाढ़ राहत कार्यों को अंजाम देने के लिए तेजपुर और मिसामारी गैरीसन से इंजीनियरिंग और चिकित्सा घटकों के साथ गजराज कोर के ब्लेजिंग स्वार्ड डिवीजन के दो कालम सैनिकों को लगाया गया है, जो दिन-रात बचाव अभियान चला रहे हैं।
नागरिक प्रशासन के समन्वय से बचाव अभियान चलाया जा रहा है और अधिकारियों ने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने सेना द्वारा प्रदान की गई सेवा की सराहना की है। उल्लेखनीय है कि असम में आई भीषण बाढ़ से 20 जिलों के लगभग दो लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश से हुए भूस्खलन व बाढ़ के कारण कई जगहों पर रेल व सड़क संपर्क भी बाकी हिस्सों से टूट गया है, जिसे बहाल करने के लिए राज्य प्रशासन, सेना व अन्य एजेंसियां प्रयासरत है।