बंगाल मंत्री से मिलने पहुंची फर्जी PMO अफसर गिरफ्तार, सत्यापन में खुली पोल
हावड़ा पुलिस ने आकांक्षा विद्यार्थी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को पीएमओ अधिकारी बताकर बंगाल के राज्य सचिवालय में एक मंत्री से मुलाकात की थी।

फर्जी PMO अधिकारी बनकर मंत्री से मिलने वाली महिला गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
महिला ने खुद को पीएमओ अधिकारी बताकर मंत्री से मुलाकात की।
पहचान पर संदेह होने पर पीएमओ से सत्यापन कराया गया।
हावड़ा पुलिस ने दिल्ली से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की फर्जी अधिकारी बनकर बंगाल के राज्य सचिवालय (नवान्न) में लोक निर्माण मंत्री अजय कुमार पोद्दार से मिलने वाली महिला आकांक्षा विद्यार्थी को हावड़ा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
नवान्न में मंत्री से मुलाकात के बाद पहचान को लेकर संदेह होने पर पीएमओ से सत्यापन कराया गया था, जिसमें उसके अधिकारी होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और दिल्ली पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हावड़ा सिटी पुलिस ने जांच के दौरान पता लगाया कि आकांक्षा कोलकाता से दिल्ली चली गई है। पुलिस की एक टीम अगले विमान से दिल्ली पहुंची और आनंद पर्वत थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट से उसे पकड़ लिया। गुरुवार को उसे दिल्ली की अदालत में पेश किया गया, जहां से हावड़ा पुलिस को ट्रांजिट रिमांड मिली। उस पर फर्जी पहचान के जरिए धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, कूचबिहार के एक कारोबारी ने अंग्रेजी माध्यम के स्कूल के निर्माण के सिलसिले में उससे संपर्क किया था। महिला ने खुद को पीएमओ अधिकारी बताया था। उसने वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें भी प्रसारित की थीं।
