बंगाल: PMO की फर्जी सदस्य बताकर मंत्री से मिलने वाली महिला दिल्ली से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाई गई
खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय की सदस्य बताकर बंगाल के मंत्री से मिलने वाली आकांक्षा विद्यार्थी को दिल्ली से गिरफ्तार कर हावड़ा लाया गया है।

फर्जी PMO अफसर बनकर मंत्री से मिलने वाली महिला गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
आकांक्षा विद्यार्थी ने खुद को पीएमओ सदस्य बताकर मंत्री से मुलाकात की।
उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर हावड़ा लाया गया, पूछताछ जारी है।
आकांक्षा ने पूर्व जनसंघ सांसद की नातिन होने का दावा किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । राज्य सचिवालय नवान्न में खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की सदस्य बताकर बंगाल के लोक निर्माण मंत्री अजय पोद्दार से मिलने पहुंची आकांक्षा विद्यार्थी के बारे में पूछताछ में नई जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, करीब 40 वर्षीय आकांक्षा ने दावा किया है कि वह पूर्व भारतीय जनसंघ सांसद राम स्वरूप विद्यार्थी की नातिन है और स्वयं भी संघ से जुड़ी हुई है। फर्जी परिचय देने के आरोप में दिल्ली से गिरफ्तार किए जाने के बाद शुक्रवार को उसे ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आकांक्षा ने बताया कि आसनसोल के एक पूर्व तृणमूल नेता के रिश्तेदार कूचबिहार के माथाभांगा में स्कूल बना रहे हैं। स्थानीय कुछ भाजपा नेताओं की ओर से कथित रूप से अड़चन डाले जाने की शिकायत लेकर वह दो रिश्तेदारों के साथ नवान्न पहुंची थी।
उसने मंत्री से स्कूल निर्माण में आ रही समस्या दूर कराने का अनुरोध किया था। इस दौरान उसने खुद को पीएमओ की सदस्य बताया था। पुलिस अब उसके इस बयान की भी जांच कर रही है।
दिल्ली से गिरफ्तार कर हावड़ा लाई गई
मंत्री से मुलाकात के बाद आकांक्षा के परिचय पर संदेह हुआ। जांच में उसके पीएमओ से जुड़े होने का दावा गलत पाए जाने के बाद शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने नवान्न में दिए गए मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पता लगाया कि वह दिल्ली चली गई है।
इसके बाद पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और गुरुवार को उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे हावड़ा लाया गया और पूछताछ की गई। शनिवार को उसे हावड़ा अदालत में पेश किया गया। नवान्न में उसके साथ गए दो लोगों की भी पुलिस तलाश कर रही है।
