आठ लाख के जाली नोटों के साथ बांग्लादेशी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जाली नोटों के सहारे देश की आर्थिक व्यवस्था को चोट पहुंचा
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जाली नोटों के सहारे देश की आर्थिक व्यवस्था को चोट पहुंचाने से पहले ही पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 2-2 हजार वाले 8 लाख के जाली नोट बरामद हुए हैं। सूत्रों के अनुसार मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाने के ओसी विश्वबंधु चट्टराज ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात अहीरन हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर एक युवक को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से दो-दो हजार के आठ लाख के जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम रकीबुल शेख निवासी बांग्लादेश के चपाई नवाबगंज बताया। पुलिस के अनुसार रकीबुल लंबे समय से जाली नोटों की तस्करी के धंधे में लिप्त था। वह गैर कानूनी रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार कर मुर्शिदाबाद में घुसा था। तस्कर जाली नोटों को झारखंड में ले जाने की फिराक में था। प्राथमिक जांच में बरामद जाली नोटों को बांग्लादेश में तैयार किए जाने का अनुमान है। रविवार को पुलिस ने रकीबुल को जंगीपुर महकमा अदालत में पेश किया, जहां से अभियुक्त को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने जाली नोटों की तस्करी में शामिल रकीबुल के अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है।