ममता सरकार का एलान, सोमवार को मिलेगी छठ पूजा की छुंट्टी
जागरण संवाददाता कोलकाता इस बार छठ पूजा छुंट्टी वाले दिन रविवार को पड़ रही है इसलिए बंगाल सरका
जागरण संवाददाता, कोलकाता: शनिवार व रविवार को इस वर्ष छठ पूजा होने की वजह से बंगाल की ममता सरकार ने अपने कर्मचारियों को सोमवार को छठ का अवकाश देने का एलान किया है। बुधवार को अलीपुर स्थित सौजन्य में पहली बार राज्य कैबिनेट की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। यह तीसरी बार है जब राज्य सचिवालय नवान्न से बाहर राज्य कैबिनेट की बैठक हुई है। इससे पहले कैबिनेट की बैठक उत्तर बंगाल में हुई थी। इसके बाद इसी वर्ष फरवरी में ममता ने सड़क किनारे धर्मतल्ला में कैबिनेट की बैठक की थी और अब सौजन्य में बैठक हुई है।
सूत्रों के मुताबिक छठ पूजा में दो नवंबर यानी शनिवार को सांध्य का अर्घ्य व तीन नवंबर रविवार को सुबह का अर्घ्य होगा। वैसे भी शनिवार व रविवार को राज्य सरकार के दफ्तरों में छुंट्टी रहती है। इसलिए कैबिनेट की बैठक में छठ की छुंट्टी का दिन बदल कर चार नवंबर सोमवार को करने का प्रस्ताव रखा गया जिस पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी।
उल्लेखनीय है कि छुंट्टी देने के मामले में मेहरबान सीएम ममता बनर्जी ने इस साल दुर्गा पूजा के दौरान सरकारी कर्मचारियों को कई अतिरिक्त छुंट्टी दी थी। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष में सरकारी छुंट्टी थी जबकि चार अक्टूबर को षष्ठी पड़ी थी इसलिए बीच में तीन अक्टूबर को भी ममता बनर्जी ने छुंट्टी देने की घोषणा की थी और इस प्रकार सरकारी कर्मचारियों को दुर्गापूजा की छुंट्टी दो अक्टूबर से ही मिल गई।