बंगाल में चुनाव आयोग का एक्शन, भवानीपुर-नंदीग्राम समेत 170 थानों के प्रभारी का तबादला
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 170 थानों के प्रभारी अधिकारियों (ओसी) और 11 वरिष्ठ ...और पढ़ें
-1774800876708_m.webp)
भवानीपुर-नंदीग्राम समेत 170 थानों के प्रभारी का तबादला(फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चुनाव आयोग ने बंगाल में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर बदलाव किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर क्षेत्र से लेकर विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के नंदीग्राम तक, कुल 170 थानों के प्रभारी अधिकारियों (ओसी) को हटा दिया गया है।
184 पुलिस अधिकारियों का तबादला
रविवार को जारी आदेश में आयोग ने राज्य पुलिस के 11 वरिष्ठ अधिकारियों को भी पद से हटाया। इस तरह एक ही दिन में कुल 184 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस कार्रवाई को चुनाव के मद्देनजर निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कोलकाता के अलीपुर थाने में प्रियांकर चक्रवर्ती को नया ओसी नियुक्त किया गया है, जबकि एकबालपुर में दिलीप सरकार को जिम्मेदारी दी गई है। हरीदेवपुर में फैज अहमद, पर्णश्री में प्रसेंजित धर, मानिकतला में निरूपम नाथ और नारकेलडांगा में मनोज कुमार विश्वास को ओसी बनाया गया है।
किसको कहां की मिली जिम्मेदारी
पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम थाने में शुभब्रत नाथ को नया ओसी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे चंदननगर थाने में तैनात थे। इसके अलावा कांथी, खेजुरी, चंडीपुर, हल्दिया, कोलाघाट, तमलुक, एगरा और पटाशपुर जैसे कई थानों में भी ओसी बदले गए हैं। कूचबिहार जिले के शीतलकुची थाने में अभिषेक लामा को ओसी बनाया गया है।
वहीं दिनहाटा, माथाभांगा, गोकसाडांगा, रायगंज, इटाहार, कालियागंज, करंदीघी, चोपड़ा और इस्लामपुर समेत कई थानों में भी फेरबदल किया गया है। इसके साथ ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात पिंटू मुखोपाध्याय को दार्जिलिंग का डीआइबी बनाया गया है। चुनाव आयोग की इस व्यापक कार्रवाई से राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में हलचल तेज हो गई है।
