पूर्व रेलवे की सख्त कार्रवाई: हावड़ा, सियालदह और मालदा स्टेशनों पर खाने-पीने के स्टालों का औचक निरीक्षण
पूर्व रेलवे ने हावड़ा, सियालदह और मालदा टाउन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के लिए औचक निरीक्षण ...और पढ़ें

पूर्व रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर औचक निरीक्षण किया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राजीव कुमार झा, कोलकाता। यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्टेशनों पर स्वच्छता के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे ने हावड़ा, सियालदह और मालदा टाउन समेत प्रमुख स्टेशनों पर बुधवार को व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) गीतिका पांडेय के दिशा-निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान खानपान इकाइयों व स्टालों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और विक्रेताओं द्वारा निर्धारित नियमों के पालन की गहन जांच की गई।
हावड़ा स्टेशन पर खुद पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) डॉ. उदय शंकर झा ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक, हावड़ा राहुल रंजन के साथ व्यापक निरीक्षण किया।

पूर्व रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर औचक निरीक्षण किया
पीसीसीएम ने स्टेशन पर बड़ी खानपान इकाइयों व विभिन्न स्टालों पर खाद्य पदार्थों की तैयारी के तौर-तरीकों, साफ-सफाई और खानपान संचालकों द्वारा रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहन जांच की। उन्होंने इस दौरान यात्रियों से भी बातचीत कर उनकी राय जानी।
कोलकाता के सियालदह स्टेशन पर भी खानपान इकाइयों और स्वच्छता व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया गया। मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक, फ्रेट मार्केटिंग पवन कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (सीनियर डीसीएम), सियालदह सुनील कुमार महाला ने विभिन्न खानपान इकाइयों की जांच की।
मालदा टाउन स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक, मालदा कार्तिक सिंह ने खाद्य स्टालों पर गुणवत्ता, व्यवस्थाओं व स्वच्छता का जायजा लिया।
यात्रियों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने पर जोर
पूर्व रेलवे ने कहा कि इस तरह के समन्वित औचक निरीक्षणों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित भोजन, बेहतर स्वच्छता और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझी ने कहा कि सभी स्टेशनों पर स्वच्छता और खानपान की गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए रेलवे प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
