पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक ने कृष्णनगर-बहरमपुर कोर्ट रेलखंड का किया निरीक्षण, RPF बैरक का किया उद्घाटन
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने कृष्णनगर-बहरमपुर कोर्ट रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया, जिसमें सुरक्षा और अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा की गई।
-1791050399941_m.webp)
पूर्व रेलवे जीएम ने कृष्णनगर-बहरमपुर रेलखंड का निरीक्षण किया
HighLights
महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया।
बहरमपुर कोर्ट स्टेशन पर अमृत भारत योजना कार्यों की समीक्षा।
आधुनिक 'ओमप्रकाश मीणा बैरक' का उद्घाटन किया गया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता । पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) गीतिका पांडेय ने शनिवार को कृष्णनगर-बहरमपुर कोर्ट रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन की सुरक्षा, ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था और बहरमपुर कोर्ट स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
महाप्रबंधक ने कृष्णनगर से बहरमपुर कोर्ट स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था और परिचालन सुरक्षा का जायजा लिया। कृष्णनगर के पास समपार फाटक संख्या 75/सी का भी निरीक्षण किया और इंटरलाकिंग प्रणाली तथा गेटकीपर की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) डा. उदय शंकर झा सहित अन्य प्रमुख विभागाध्यक्ष, सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
जीएम ने बहरमपुर कोर्ट स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्ण, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान शौचालय, स्वच्छ पेयजल, प्लेटफार्म शेड, प्रतीक्षालय और दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने सभी यात्रियों के लिए सुगम और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टेशन निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने नवनिर्मित आधुनिक आरपीएफ पुरुष बैरक का उद्घाटन किया। इसका नाम 'ओमप्रकाश मीणा बैरक' रखा गया है। बैरक में 25 कमरे और 50 बेड की क्षमता है। इसमें आधुनिक माड्यूलर किचन और सुरक्षा कर्मियों के लिए जिम्नेजियम की सुविधा भी उपलब्ध है। महाप्रबंधक ने बैरक परिसर में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में भी भाग लिया।
