बंगाल के दुर्गापुर में सड़क हादसा: ट्रक के पीछे घुसी बाइक, एक युवती समेत 3 की मौत
दुर्गापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। बाइक ने ...और पढ़ें

HighLights
दुर्गापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भीषण सड़क हादसा।
बाइक ने ट्रक को पीछे से मारी जोरदार टक्कर।
एक युवती समेत तीन दोस्तों की मौके पर मौत।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। बंगाल के दुर्गापुर में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला मित्र समेत 3 दोस्तों की मौत हो गई। दुर्गापुर के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर एक बाइक ने आगे चल रहे ट्रक के पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े। मृतकों में बांकुड़ा की युवती कृष्णा गांगुली तथा आसनसोल के हीरापुर निवासी तन्मय घोष और अयन गोस्वामी शामिल थे।
गंभीर हालत में उन्हें दुर्गापुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों की मौत हो गई। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह बाइक सवार तीनों लोग दुर्गापुर के भिरिंगी मोड़ से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 के पियाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक ट्रक के पीछे जा टकराई।
टक्कर के कारण बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल दुर्गापुर महकमा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्गापूजा के दूसरे सप्तमी के दिन सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। बाइक की गति कितनी थी और दुर्घटना में ट्रक चालक की कोई भूमिका थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
