दुर्गा पूजा व छठ के लिए पूर्व रेलवे की व्यापक तैयारियां, 30 नवंबर तक चलाएगा विशेष ट्रेनों के 1354 फेरे
पूर्व रेलवे दुर्गा पूजा और छठ पर्व के लिए पूर्व रेलवे ने एक अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 1,354 विशेष ट्रेन यात्राओं (ट्रिप) की अधिसूचना जारी की है।

दुर्गा पूजा और छठ पर रेलवे का तोहफा। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
पूर्व रेलवे चलाएगा 1354 दुर्गा पूजा, छठ विशेष ट्रेनें।
रात्रिकालीन लोकल ट्रेन सेवाओं में 61.54% की वृद्धि।
होल्डिंग एरिया, टिकट काउंटर भी बढ़ाए गए।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दुर्गा पूजा और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए पूर्व रेलवे ने विशेष ट्रेनों के परिचालन की व्यापक तैयारी की है। पूर्व रेलवे ने एक अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 1,354 विशेष ट्रेन यात्राओं (ट्रिप) की अधिसूचना जारी की है। यह संख्या पिछले वर्ष त्योहारों के दौरान संचालित 1,208 विशेष ट्रेन यात्राओं से 12.08 प्रतिशत अधिक है।
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने बुधवार को कोलकाता के फेयरली प्लेस स्थित मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दुर्गापूजा व अन्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, ट्रेन परिचालन और सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी।
इस दौरान पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक शीलेन्द्र प्रताप सिंह और प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा सहित विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

रात्रिकालीन लोकल ट्रेन सेवाओं में भी वृद्धि
जीएम ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान रात्रिकालीन लोकल ट्रेन सेवाओं में भी वृद्धि, स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया का विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
जीएम ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान 17 से 21 अक्टूबर तक 63 विशेष रात्रिकालीन उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं संचालित की जाएंगी। पिछले वर्ष इसी अवधि में 39 सेवाएं चलाई गई थीं। इस प्रकार रात्रिकालीन लोकल सेवाओं में 61.54 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
होल्डिंग एरिया और टिकट काउंटर बढ़ाए
त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर भीड़ को व्यवस्थित करने और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में सवार कराने के लिए होल्डिंग एरिया का भी विस्तार किया गया है। इसका कुल क्षेत्रफल वर्ष 2025 के 1,02,777 वर्ग फुट से बढ़ाकर इस वर्ष 2026 में 1,39,377 वर्ग फुट कर दिया गया है। इस तरह इसमें 35.61 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
वहीं, पीसीसीएम डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि टिकट लेने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए अनारक्षित टिकट काउंटरों की संख्या सामान्य अवधि के 47 से बढ़ाकर 64 कर दी गई है।
वहीं, मोबाइल टिकटिंग काउंटर 24 से बढ़ाकर 38 किए गए हैं। यात्रियों की सहायता और टिकट व्यवस्था संभालने के लिए वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती भी पिछले वर्ष के 369 से बढ़ाकर इस वर्ष 447 कर दी गई है।
