बंगाल: आदिशक्ति के आह्वान के साथ दुर्गापूजा शुरू, षष्ठी पर पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बंगाल में आदिशक्ति के बोधन के साथ दुर्गापूजा का उल्लास छा गया है, षष्ठी पर कोलकाता समेत पूरे राज्य के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

षष्ठी पर कोलकाता के पंडालों में उमड़ा जनसैलाब (फोटो-PTI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। आदिशक्ति के बोधन (आह्वान) के साथ बंगाल में दुर्गापूजा का उल्लास छा गया है। शुक्रवार को षष्ठी पर राज्यभर के पूजा पंडालों में जनज्वार उमड़ पड़ा। इसका अधिकेंद्र कोलकाता रहा।
उत्तर से दक्षिण तक समूचे महानगर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। क्या बच्चे और क्या बड़े, सभी नए कपड़े पहनकर दुर्गापूजा घूमने को आतुर रहे। जैसे-जैसे दिन ढलता गया, पंडालों में भीड़ बढ़ती चली गई। अभी सर्वत्र एक सा नजारा है।
कहीं भव्य प्रतिमाएं आकर्षित कर रही हैं, तो कहीं अनूठी कलाकारी और कल्पनाशील सजावट लोगों को अपनी ओर खींच रही है।
श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब, संतोष मित्रा स्क्वायर, कालेज स्क्वायर, मोहम्मद अली पार्क, बोसपुकुर शीतला मंदिर, जोधपुर पार्क, सिंघी पार्क, चोरबगान सार्वजनीन, मानिकतल्ला चलताबगान लोहापट्टी, दमदम तरुण दल, दमदम पार्क, जगत मुखर्जी पार्क, अहिरीटोला सार्वजनिन, राजडांगा नबो उदय संघ, हिंदुस्तान पार्क, एकडालिया एवरग्रीन, टाला प्रत्यय, तेलीपुकुर युवा संघ समेत विभिन्न पूजा पंडालों में भारी भीड़ हो रही है।
पूजा घूमने हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हुगली, पूर्व व पश्चिम बर्द्धमान समेत बंगाल के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग कोलकाता पहुंच रहे हैं। षष्ठी को मौसम भी मेहरबान रहा। गुरुवार दोपहर जहां कोलकाता के विभिन्न इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई थी, वहीं शुक्रवार को मौसम साफ रहा। घूमने-फिरने के साथ पेट पूजा भी खूब हुई।
कोलकाता की तमाम सड़कें फूड स्टाल से पट गई हैं। होटल-रेस्तरां भी एक से एक व्यंजन के साथ तैयार हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा की भी कड़ी व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों व सिविक वालंटियरों की तैनाती की गई है। एनसीसी कैडेट भी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का सहयोग कर रहे हैं।
