Lockdown in Bengal : पूर्ण लॉकडाउन से बंगाल में थम गया जनजीवन, विमान व ट्रेन सेवाएं रहीं बंद
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए बुधवार को पूरे बंगाल में लगाए गए पूर्ण लॉकडाउन के चलते जनजीवन की रफ्तार एक बार फिर थम सी गई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए बुधवार को पूरे बंगाल में लगाए गए पूर्ण लॉकडाउन के चलते जनजीवन की रफ्तार एक बार फिर थम सी गई। राज्य सरकार द्वारा 20 जुलाई को घोषित हफ्ते में 2 दिन पूर्ण लॉकडाउन की योजना के तहत यह चौथे दिन जबकि इस महीने का यह पहला लॉकडाउन था। इससे पहले 23, 25 व 29 जुलाई को पूर्ण लॉकडाउन लागू किया गया था।
इधर, लॉकडाउन के कारण कोलकाता सहित पूरे राज्य भर में सुबह से रात तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें, बाजार, सरकारी व निजी कार्यालय, व्यापारिक प्रतिष्ठान, बैंक आदि बंद रहा और परिवहन के सभी माध्यम सड़कों से नदारद रहे। कोलकाता एयरपोर्ट से भी इस दिन सभी विमानों की आवाजाही बंद रही। वहीं हावड़ा, सियालदह व राज्य के अन्य स्टेशनों से खुलने व आने वाली सभी स्पेशल ट्रेनों की आवाजाही भी बंद रहीं जिसे पहले ही रद्द कर दिया गया था।
बेवजह बाहर निकलने पर प्रतिबंध
राज्य सरकार के निर्देशानुसार सुबह 6 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक पूर्ण लॉकडाउन लागू किया गया था और इस दौरान बेवजह घरों से निकलने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। इधर, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के दिन राज्य में लॉकडाउन लागू किए जाने के फैसले का भाजपा ने पहले ही विरोध किया था। राज्य सरकार की सख्ती व पूर्ण लॉकडाउन के बावजूद कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई लोगों ने अपने घर से बाहर निकलकर भूमि पूजन की खुशी का इजहार किया।
नियमों के उल्लंघन पर सख्ती
कई जगहों पर मंदिरों के बाहर भी लोग इकट्ठा हुए। हालांकि लॉकडाउन के कारण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आई। बड़ी संख्या में राज्य भर से गिरफ्तारियां भी की गई।
दरअसल, लॉकडाउन के दौरान केवल दवा की दुकानों और स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों आदि को खुला रखने की अनुमति थी। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद नजर आई और जगह-जगह नाका चेकिंग व बैरिकेड भी लगाए गए थे।
लोगों पर कड़ी नजर रखी गई
बिना वैध कारण के सड़कों पर पैदल या बाहर लेकर निकलने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई और उनसे पूछताछ की गई। जरूरी कारण नहीं बताने पर वाहन जब्त करने के साथ बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां की गई। कोलकाता सहित पूरे राज्य में सभी बड़े चौराहों पर पुलिस ने गश्त की। कोलकाता पुलिस ने ड्रोन से भी नजर रखी। उल्लेखनीय है कि राज्य में 31 अगस्त तक कुल 7 दिन का लॉकडाउन घोषित किया गया है। अब 8,20,21,27, 28 व 31 अगस्त को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा।