डोमकल में नौका हादसा, अब भी तीन लापता
- हादसे में मां व 2 बच्चों की लापता होने की खबर जागरण संवाददाता, कोलकाता : डोमकल के गरीबपुर
- हादसे में मां व 2 बच्चों की लापता होने की खबर
जागरण संवाददाता, कोलकाता : डोमकल के गरीबपुर घाट पर गुरुवार देर शाम हुए नौका हादसे में अब भी तीन लोगों के लापता होने की खबर है। लापता लोगों में मां और उसके दो बच्चे शामिल है। तीनों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद गुरुवार रात तक 12 लोगों के लापता होने की खबर थी। वहीं नाव डूबने के बाद अधिकांश यात्री अपने से ही तैर कर बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि नाव पर अधिक भार होने का कारण ही यह घटना घटी। वहीं मुर्शिदाबाद के एसपी ने कहा कि अभी तक इस हादसे में तीन लोगों की लापता होने की सूचना मिली है। बाकी यात्रियों को गुरुवार रात को ही बाहर निकाला जा चुका था। इधर डोमकल पुलिस के सूत्रों ने बताया कि इस हादसे के बाद गुरुवार को निकाले गए नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नौका में न चढ़ पाने वाली हसीना बानो ने बताया कि नौका में क्षमता से अधिक लोग उठ गए थे। वहां पैर रखने की भी जगह नहीं थी। शाम होने के कारण मांझी लोगों को चढने से मना किया इसके बावजूद भी लोगों ने उसकी बात नहीं सुनी। सबको घर जाने की जल्दी थी। यह पूछे जाने पर कि आप नौका पर क्यों नहीं उठी? इस पर उन्होंने बताया कि भीड़ की वजह से वह नहीं उठ पाई। वहीं नौका के कुछ दूर जाते ही वह डूब गई। उसके बाद कुछ लोग तैर कर बाहर निकल गए। इधर शुक्रवार सुबह से ही लापता लोगों को ढूंढने का प्रयास चल रहा था। घटना के बाद वहां लोगों का हुजूम लगा गया। बता दे कि गुरुवार देर शाम गरीबपुर घाट से एक नाव लोगों को लेकर उत्तर गरीबपुर की ओर जा रहा था। नाव में अतिरिक्त भार होने की वजह से नौका डूब गया। घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने बताया कि नौका में लगभग 60 लोग सवार थे। उसके अलावा 13 बाइक व साइकिलें भी थी। इसी वजह से नौका पर भार ज्यादा हो गया और नौका डूब गया। वहीं डोमकल थाने की पुलिस ने कहा यह हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है। मानसून से पहले ही नाव पर अधिक यात्री न ले जाने का निर्देश जारी किया गया था। डोमकल के एसडीओ का कहना है कि पुलिस द्वारा जारी निर्देश के बाद भी नौका पर यात्रियों को क्यों ले जाया गया इसकी भी पड़ताल की जा रही है।