विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अन्नपूर्णा योजना विवाद: दिलीप घोष ने तृणमूल पर साधा निशाना, बोले- लक्ष्मी भंडार ने बिगाड़ी आदतें

Published: Sat, 22 Aug 2026 06:00 PM (IST)

मंत्री दिलीप घोष ने तृणमूल पर लक्ष्मी भंडार से महिलाओं की आदतें खराब करने का आरोप लगाया, जबकि अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं।

दिलीप घोष ने तृणमूल पर साधा निशाना।

दिलीप घोष ने तृणमूल पर साधा निशाना।

HighLights

  1. दिलीप घोष ने तृणमूल पर महिलाओं की आदतें बिगाड़ने का आरोप लगाया।

  2. अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने पर महिलाएं कर रही हैं प्रदर्शन।

  3. सरकारी योजनाओं के लिए पात्रता मानदंड आवश्यक हैं, घोष ने कहा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर बंगाल के विभिन्न हिस्सों में जारी महिलाओं के लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच इस मुद्दे पर वरिष्ठ मंत्री दिलीप घोष ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा।

घोष ने कहा कि महिलाओं को लक्ष्मी भंडार की आदत पड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार ने सभी को सरकारी सहायता देने की आदत डालकर लोगों की अपेक्षाएं बढ़ा दी हैं और आदत खराब कर दी हैं।

कोलकाता के न्यूटाउन स्थित इको पार्क में प्रातः भ्रमण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में राज्य के पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री घोष ने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी लोगों को नहीं दिया जा सकता और इसके लिए निर्धारित पात्रता मानदंड होते हैं। लोगों को यह समझना होगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित मानदंडों के आधार पर ही दिया जाता है।

केंद्र और राज्य सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, लेकिन हर योजना की अपनी सीमा और पात्रता तय है। जो लोग निर्धारित मानदंडों के दायरे में आएंगे, उन्हें ही इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने सभी को सरकारी सहायता देने की आदत डालकर लोगों की अपेक्षाएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने इस तरह की व्यवस्था को जारी रखने को गलत बताया। उन्होंने तृणमूल पर विरोध प्रदर्शन के लिए महिलाओं को उकसाने का भी आरोप लगाया।

मालूम हो कि अन्नपूर्णा योजना के तहत मासिक 3,000 रुपये की राशि नहीं मिलने को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले कई दिनों से महिलाएं लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। शुक्रवार को प्रशासनिक बैठक के लिए गईं पश्चिम मेदिनीपुर जिले के जिलाधिकारी कार्यालय में मंत्री अग्निमित्रा पाल को भी महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा था। स्थिति बिगड़ने के कारण उन्हें बीच में ही बैठक रोकनी पड़ी।

अग्निमित्रा पाल ने भी इस विरोध के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि करीब दो करोड़ महिलाओं ने आवेदन किया है, तो सभी आवेदनों को अपलोड करने और उनकी प्रक्रिया पूरी करने में कुछ समय लगेगा। इसलिए लाभार्थियों को इसके लिए थोड़ा समय देना होगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता अंदर बैठकर गड़बड़ी पैदा कर रहे हैं और उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी जानकारी देने की बात कही।