विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बताए अपराधियों के साथ है या कानून के', एनकाउंटर पर दिलीप घोष का विपक्ष से तीखा सवाल

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:11 PM (IST)

दिलीप घोष ने बंगाल में हुए एनकाउंटरों पर विपक्ष की आलोचना का जवाब देते हुए पूछा कि वे अपराधियों के साथ हैं या कानून के।

भाजपा नेता एवं राज्य के कृषि मंत्री दिलीप घोष।

भाजपा नेता एवं राज्य के कृषि मंत्री दिलीप घोष।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। बंगाल में मंगलवार को हुए दो एनकाउंटरों को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा नेता एवं राज्य के कृषि मंत्री दिलीप घोष ने पलटवार किया है।

घोष विपक्ष से सवाल किया कि वह दुष्कर्म के आरोपितों के साथ है या कानून के साथ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपना कर्तव्य निभाया है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। ऐसे मामलों में राजनीति करना उचित नहीं है।

बुधवार को दार्जिलिंग सरस मेला के उद्घाटन के लिए रवाना होने से पहले बागडोगरा एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से बातचीत में घोष ने कहा कि जब अपराधी कानून को चुनौती देंगे, तो पुलिस सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारें पुलिस को कार्रवाई करने से रोकती थीं। भाजपा की सरकार बनने के बाद पुलिस अपना काम कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि खरगे को अपनी उम्र का ख्याल रखना चाहिए और अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के परिवार के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की निम्न स्तरीय मानसिकता को दर्शाती है। घोष ने कहा कि देश की जनता इसका जवाब देगी।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरोध पर भी दिलीप घोष ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई दूसरा काम नहीं बचा है, इसलिए वह हर मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। घोष ने दावा किया कि देश की जनता विकास के साथ है और भाजपा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विरोध करने के अलावा कोई काम नहीं रह जाएगा।