दीघा में चेतावनी के बावजूद हादसा: लहरों में बही पश्चिम बंगाल की बच्ची, रेस्क्यू में खराब मौसम बना बाधा
दीघा में समुद्र की तेज लहरों में बहकर 11 वर्षीय बच्ची लापता हो गई, जबकि प्रशासन लगातार पर्यटकों को पानी से दूर रहने की चेतावनी दे रहा था।

मौसम खराब होने और समुद्र में उठती ऊंची लहरों को देखते हुए प्रशासन सुबह से ही माइकिंग के जरिए पर्यटकों को पानी में न जाने की चेतावनी दे रहा था।
HighLights
दीघा में 11 वर्षीय बच्ची समुद्र की लहरों में लापता हो गई।
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद हुआ यह दर्दनाक हादसा।
खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में भारी बाधा आ रही।
संवाद सूत्र, खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दीघा में सुरक्षा के तमाम दावों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे समुद्र में नहाने के दौरान 11 वर्ष की एक नाबालिग बच्ची तेज लहरों की चपेट में आकर लापता हो गई। घटना के बाद से ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
लापता बच्ची की पहचान उत्तर 24 परगना के नैहाटी की रहने वाली असमीरा खातून (11) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ दीघा घूमने आई थी।
यह हादसा ओल्ड दीघा और न्यू दीघा के बीच स्थित दीघा अस्पताल के पास हुआ, जहां अक्सर पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है।
मौसम खराब होने और समुद्र में उठती ऊंची लहरों को देखते हुए प्रशासन सुबह से ही माइकिंग (लाउडस्पीकर) के जरिए पर्यटकों को पानी में न जाने की चेतावनी दे रहा था।
इसके बावजूद बच्ची समुद्र की चपेट में कैसे आ गई, दीघा पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग चेतावनी को नजरअंदाज कर पानी में उतरी थी या किसी हादसे का शिकार हुई।
घटना की सूचना मिलते ही दीघा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। बच्ची की तलाश के लिए समुद्र में स्पीडबोट और पारंपरिक डोंगी उतारी गई हैं।
हालांकि, समुद्र की लगातार बिगड़ती हालत और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खबर लिखे जाने तक लापता बच्ची की तलाश जारी थी।
