Bengal Chunav: तृणमूल विधायक निहार रंजन घोष के घर और ऑफिस में तोड़फोड़
निहार रंजन घोष ने कहा मैं उस समय कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी ऑफिस में था। अचानक करीब 150 लोग आए और हर चीज को तोड़ने लगे। मैंने इस बारे में पुलिस में शिकायत की है। निहार रंजन मालदा जिले की इंग्लिश बाजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल के मालदा में तृणमूल कांग्रेस(तृकां) के विधायक निहार रंजन घोष ने आरोप लगाया है कि सोमवार देर रात कुछ लोगों ने उनके घर और पार्टी ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की। तृणमूल नेता ने इसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
निहार रंजन घोष ने कहा, 'मैं उस समय कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी ऑफिस में था। अचानक करीब 150 लोग आए और हर चीज को तोड़ने लगे। मैंने इस बारे में पुलिस में शिकायत की है।' निहार रंजन मालदा जिले की इंग्लिश बाजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
बंगाल में आगामी कुछ दिनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन्हीं चुनावों के मद्देनजर वहां राजनीतिक घमासान काफी तेज है। प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच अकसर हिंसा की घटनाएं बंगाल में आम हो चुकी है। मालदा की यह घटना भी इसी कड़ी में ताजा उदाहरण है। इस समय भाजपा और तृणमूल आमने-सामने है।
कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, 2 घायल
सोमवार की रात को मानिकतल्ला में भाजपा कार्यकर्ताओं हमला किया गया। तृणमूल कांग्रेस पर हमले का आरोप लगा है। जैसे-जैसे विधासनभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं। बंगाल में सियासी हिंसक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सोमवार की रात को भाजपा समर्थकों पर हमले करने के आरोप तृणमूल समर्थकों पर लगे हैं। घटना मानिकतल्ला इलाके की है। भाजपा का आरोप है कि राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित होकर हमले किए गए हैं।
आरोप है कि करीब पचास से अधिक तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता वार्ड नंबर 32 में एक भाजपा कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि जब अन्य भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्हें भी बांस के डंडों से पीटा गया। स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने दावा किया कि महिलाओं को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा है।
सूत्रों के अनुसार, हमला में एक महिला के मुंह पर और एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता के हाथ में गंभीर चोट आई है। घायलों को आरजीकर अस्पताल ले जाया गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले बीजेपी में शामिल होने के बाद से तृणमूल के कार्यकर्ता इनसे नाराज थे। इसी कारण उन पर हमले किए गए। मानिकतल्ला थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप को बेबुनियाद बताया है।