ससुराल में फंदे से लटकता मिला युवक का शव
दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर थानांतर्गत निशिदेरचक में शुक्रवार देर रात एक युवक का ससुराल में फंदे से लटकी हालत में शव बरामद हुआ।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर थानांतर्गत निशिदेरचक में शुक्रवार देर रात एक युवक का ससुराल में फंदे से लटकी हालत में शव बरामद हुआ। मृतक का नाम बलराम हरिजन (30) है। बलराम मूल रूप से केवड़ाडेंगा का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए ले गई। मृतक की मां और मामा का आरोप है कि बलराम की पत्नी सुनंदा हरिजन के दूसरे युवकों से अवैध संबंध थे। इसका प्रतिवाद करने पर ही सुनंदा और उसके परिजनों ने बलराम की हत्या की है। दूसरी ओर सुनंदा के चाचा नवकुमार मंडल ने बलराम के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप को झूठा करार देते हुए कहा कि बलराम नशे का आदी हो गया था। इसे लेकर पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। इसी से तनाव में आकर बलराम ने खुदकशी कर ली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नारियल पानी का कारोबार करने वाले बलराम की शादी नौ साल पहले सुनंदा की शादी हुई थी। दोनों की सात साल की बेटी है। बलराम का दांपत्य जीवन खुशहाल नहीं था। उसका पत्नी से अक्सर झगड़ा होते रहता था। इस कारण ससुरालवालों से भी उसके संबंध ठीक नहीं थे। सुनंदा जब भी बलराम से झगड़ा करती थी, तब अपने पिता और भाई को बुलाकर उसकी पिटाई करवा देती थी। जब बलराम के पिता और मामा ने इसका विरोध किया तो सुनंदा ने मायकेवालों के साथ मिलकर बलराम के मामा के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी थी। इस कारण उसे जेल भी जाना पड़ा था। इसके बाद अपने परिजनों की सलाह पर बलराम चार साल पहले ससुराल चला गया और वहीं पत्नी के साथ रहने लगा। बलराम के मामा का आरोप है कि सुनंदा का दूसरे युवक के साथ अवैध संबंध था। जब बलराम को इसका पता चला तो दांपत्य जीवन में उत्पन्न अशांति चरम पर पहुंच गई। शुक्रवार रात सुनंदा ने बलराम के परिजनों को फोन कर उसके खुदकशी कर लेने की जानकारी दी। पुलिस संदिग्ध हालात में मौत का मामला दर्ज कर दोनों परिवारों के सदस्यों से पूछताछ कर सच्चाई का पता लगाने में जुट गई है।