विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: लगातार बारिश के बाद दार्जिलिंग के कई इलाकों में भूस्खलन, टॉय ट्रेन सेवा बंद

Published: Fri, 25 Sep 2026 03:02 PM (IST)

दार्जिलिंग पहाड़ में लगातार बारिश से भूस्खलन हुआ, जिससे तकदाह के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को नुकसान पहुंचा और दो लोग ...और पढ़ें

दार्जिलिंग पहाड़ में लगातार बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ

दार्जिलिंग पहाड़ में लगातार बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ

HighLights

  1. दार्जिलिंग पहाड़ में लगातार बारिश से कई जगह भूस्खलन।

  2. तकदाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को व्यापक नुकसान, दो घायल।

  3. टॉय ट्रेन सेवा और कई सड़कें भूस्खलन से बाधित।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। लगातार हो रही बारिश के बाद शुक्रवार को दार्जिलिंग पहाड़ के कई इलाकों में भूस्खलन की सूचना है। इसके कारण कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। भूस्खलन के चलते दार्जिलिंग के तकदाह ब्लाक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यापक नुकसान हुआ है। इस दौरान अस्पताल में भर्ती पिता-पुत्र के घायल होने की भी सूचना है।

स्थिति पर राज्य सरकार के गृह एवं पहाड़ी मामले विभाग की ओर से नजर रखी जा रही है। सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे गृह एवं पहाड़ी मामले विभाग के मंत्री बिशाल लामा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन हुआ है।

उन्होंने कहा कि अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पहाड़ के विधायक स्थिति पर नजर रख रहे हैं, जबकि स्थानीय पुलिस-प्रशासन स्थिति सामान्य करने में जुटा है।मंत्री ने बताया कि अभी तक किसी को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की नौबत नहीं आई है।

उन्होंने दार्जिलिंग और कर्सियांग के विधायकों से भी बातचीत की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। इधर, रंगली-रंगलियोट ब्लाक की सिंगरिमटम ग्राम पंचायत में ग्लेनबर्न से सिम्बोंग जाने वाली पीएमवाई सड़क भूस्खलन के कारण पूरी तरह बाधित हो गई है।

वहीं, कर्सियांग के गयाबाड़ी और महानदी के बीच टाय ट्रेन की पटरी पर भूस्खलन का मलबा गिरने से शुक्रवार को न्यू जलपाईगुड़ी- दार्जिलिंग और दार्जिलिंग-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच दोनों ओर की ट्रेन सेवा बाधित कर दी गई है। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के कर्मी टाय ट्रेन के ट्रैक से मालवा हटाकर स्थिति को सामान्य करने में लगे हैं।

लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ के साथ जिले के समतल इलाकों में भी प्रशासन सतर्क है। बालासन नदी से सटे इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।