विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

140 KM की रफ्तार से हवा और भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान अर्णव

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:32 PM (IST)

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सोमवार सुबह तक चक्रवात 'अर्णव' में बदल सकता है, जिसके बुधवार को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना है।

बंगाल की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान अर्णव (फाइल फोटो)

बंगाल की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान अर्णव (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चक्रवात 'अर्णव' सोमवार तक बंगाल की खाड़ी में बनेगा।

  2. बुधवार को आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान है।

  3. बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सोमवार सुबह तक चक्रवात में बदल सकता है। मौसम विभाग के रविवार शाम जारी बुलेटिन के अनुसार, इसके मंगलवार रात तक अति तीव्र चक्रवात बनने और बुधवार दोपहर आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच टकराने का पूर्वानुमान है।

चक्रवात बनने पर इसका नाम ‘अर्णव’ होगा। इसके प्रभाव से अगले सप्ताह के मध्य में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव बना। इसके सोमवार को चक्रवात में बदलने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। मंगलवार रात तक यह अति तीव्र चक्रवात का रूप ले सकता है।

बुधवार को तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद चक्रवात कमजोर पड़ने लगेगा।

बंगाल के तटीय इलाकों में मंगलवार से 35 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को मंगलवार से समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। पहले से समुद्र में मौजूद मछुआरों को भी मंगलवार तक लौटने को कहा गया है।

दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश के आसार

मंगलवार तक दक्षिण बंगाल के किसी जिले में बारिश या तूफान का पूर्वानुमान नहीं है। बुधवार और गुरुवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को पुरुलिया और बांकुड़ा में भी भारी बारिश की संभावना है।

कोलकाता, हावड़ा और हुगली में बुधवार-गुरुवार को गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। उत्तर 24 परगना, दोनों बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में बुधवार से शनिवार तक बारिश का अनुमान है।

वहीं, उत्तर बंगाल में गुरुवार को दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी तथा शुक्रवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने पीली चेतावनी जारी की है।