चक्रवात अर्णब को लेकर बंगाल में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर कई ट्रेनें रद
चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के संभावित प्रभाव को देखते हुए बंगाल में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने 28 ...और पढ़ें
-1793115232571_m.webp)
बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी, कई ट्रेनें रद (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
बंगाल में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई।
28-30 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका, कई ट्रेनें रद्द।
हवाई परिचालन की समीक्षा, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘'अर्णब' ’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए बंगाल में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने 28 से 30 अक्टूबर के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे ने तूफान के मद्देनजर कई ट्रेनों को रद करने का फैसला किया है। संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों में हवाई परिचालन बाधित होने की आशंका को देखते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने भी तैयारियों की समीक्षा की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। इसके सीधे बंगाल में प्रवेश करने का अनुमान नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
दक्षिण और उत्तर बंगाल में बारिश की चेतावनी
28 और 29 अक्टूबर को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्द्धमान में भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में भी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
हवाई परिचालन और रेल सेवाओं पर असर
एएआइ के अध्यक्ष पुनीत कंसल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्र के अधिकारियों के साथ कोलकाता, चेन्नई, तिरुपति, रायपुर, कडप्पा, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, राजमुंदरी और झारसुगुड़ा हवाई अड्डों के निदेशकों ने भाग लिया। भोगापुरम और हैदराबाद के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में संभावित व्यवधानों से निपटने और नागरिक विमानों के सुरक्षित परिचालन की तैयारियों का आकलन किया गया। वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे ने 27 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति में चार ट्रेन सेवाएं रद करने की जानकारी दी।
इनमें 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 27 से 30 अक्टूबर, 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 28 से 31 अक्टूबर, 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से 4 नवंबर और 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक रद रहेगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
