विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2028 से पहली कक्षा से 12वीं तक का बदलेगा पाठ्यक्रम, बंगाल में NEP के अनुरूप तैयार होगी नई व्यवस्था

Published: Thu, 30 Jul 2026 10:39 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में 2028-29 शैक्षणिक सत्र से पहली से 12वीं कक्षा तक नया पाठ्यक्रम लागू होगा, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप होगा।

बंगाल में लागू होगी नई शिक्षा नीति (फोटो-पीटीआई)

बंगाल में लागू होगी नई शिक्षा नीति (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. 2028-29 से पहली से 12वीं तक नया पाठ्यक्रम लागू।

  2. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप होगा व्यापक बदलाव।

  3. रोजगारोन्मुख शिक्षा, कौशल विकास पर विशेष जोर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2028-29 के शैक्षणिक सत्र से पूरी तरह नया पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक वर्मन ने गुरुवार को विकास भवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप पाठ्यक्रम, पुस्तकें और पढ़ाई की व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए जाएंगे। फिलहाल मौजूदा पाठ्यक्रम में केवल सिलेबस समिति की सिफारिशों के आधार पर सीमित संशोधन किए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू नहीं की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

दीपक वर्मन ने स्पष्ट किया कि कौन-से अध्याय हटाए जाएंगे और किन नए विषयों को शामिल किया जाएगा, इसका निर्णय सिलेबस समिति की सिफारिशों के आधार पर होगा। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को अधिक रोजगारोन्मुख और आत्मनिर्भर बनाने वाला पाठ्यक्रम तैयार करना है।

रोजगारोन्मुख शिक्षा और कम होगा पढ़ाई का दबाव

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार होने वाले नए पाठ्यक्रम में व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े विषयों पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही विद्यार्थियों पर पढ़ाई का अनावश्यक दबाव कम करने का भी प्रयास किया जाएगा।

सरकार प्रत्येक कक्षा में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने की दिशा में भी काम कर रही है। नया पाठ्यक्रम बंगाल के शिक्षा ढांचे और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।

इतिहास के कुछ विषयों में संभावित बदलाव को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं जरूर चल रही हैं, लेकिन सरकार ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मंत्री ने कहा कि पाठ्यपुस्तकों में होने वाले सभी बदलाव सिलेबस समिति की सिफारिशों के बाद ही तय किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- आरजी कर दुष्कर्म और हत्या मामले नया मोड़, CBI ने बदली जांच टीम; 1000 पन्नों की फाइल की दोबारा होगी समीक्षा