Satyajit Ray के जन्म शतवार्षिकी पर प्रदर्शित हुई डॉक्युमेंट्री फिल्म, मुख्यमंत्री ममता ने किया याद
ऑस्कर विजेता फिल्मकार सत्यजित राय की जन्म शतवार्षिकी पर शनिवार को उनपर बनी पहली क्राउड सोर्स्ड डॉक्युमेंट्री फिल्म को सोशल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किया गया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : ऑस्कर विजेता फिल्मकार सत्यजित राय की जन्म शतवार्षिकी पर शनिवार को उनपर बनी पहली 'क्राउड सोर्स्ड' डॉक्युमेंट्री फिल्म को सोशल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किया गया। इसे बनाने वाली शुभा दास मल्लिक ने बताया कि 'महाराज शतवर्षे तोमाके सेलाम' शीर्षक वाली यह डॉक्युमेंट्री फिल्म सत्यजित राय के जीवन, उनके व्यक्तित्व, उनकी फिल्मों, फिल्म निर्माण के तरीके, उनकी फिल्मों के किरदारों, उनकी लेखनी, साहित्य से उनके जुड़ाव, कला की समझ और संगीत की परख का निचोड़ है।
डॉक्युमेंट्री फिल्म को तीन भाग में तैयार किया गया है। प्रथम भाग को आज प्रदर्शित किया गया। बाकी दो भाग एक-एक सप्ताह के अंतराल में प्रदर्शित होंगे। इस अवसर पर सत्यजित राय पर ऑनलाइन वार्ता सत्र का भी आयोजन किया गया। वहीं जाने-माने तबला वादक पंडित प्रद्युत मुखर्जी ने सत्यजित राय को शतवार्षिकी पर मुख से वादन (माउथ परक्युशन) के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सत्यजित राय की फिल्म 'सोनार केल्ला' पर मुख से वादन किया। गौरतलब है कि यह संगीत सत्यजित राय ने खुद तैयार किया था। प्रद्युत ने कहा-'मैं सत्यजित राय की फिल्में देखकर बड़ा हुआ हूं। सोनार केल्ला मेरी सबसे पसंदीदाफिल्मों में से एक है।'
पुलिस ने सत्यजित राय के गाने के जरिए की घरों में रहने की अपील
कोलकाता पुलिस ने महान फिल्मकार सत्यजित राय की जन्म शतवार्षिकी पर उन्हें अलग अंदाज में याद करते हुए उनके गाने के जरिए लोगों से लॉकडाउन के दौरान घरों में रहने की अपील की है। कोलकाता पुलिस के फेसबुक पेज पर एक वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें सत्यजित राय की फिल्म के एक गाने की धुन को बदल दिया गया है। गुपी बाघा के गाने 'आर विलंब नोय' को 'घर के बाहर नहीं' कर दिया गया है। गौरतलब है कि राज्य प्रशासन की तरफ से लगातार लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। इस बाबत विभिन्न तरीके से प्रचार भी किया जा रहा है। इस बार कोलकाता पुलिस ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक के गाने के साथ इस संदेश को आम लोगों तक पहुंचाना चाहती है।
ममता ने सत्यजित राय को किया याद
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक सत्यजित राय को उनके जन्मदिन पर याद किया। सुश्री बनर्जी ने राय की 99वें जन्मदिन पर ट्वीट कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। ममता ने ट्वीट किया,‘महान फिल्म निर्माता सत्यजित राय को उनकी जयंती पर स्नेहपूर्वक याद करती हूं... महाराजा तोमोरे सेलाम (हे राजा, आपको सलाम)।’ राय का जन्म आज के दिन 1921 में हुआ था। उन्हें 1992 में लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए मानद ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। राय का निधन 23 अप्रैल 1992 को हुआ। उन्होंने पाथेर पांचाली, अपराजितो, अपुर संसार, जलसागर, गानाशत्रु, आगंतुक जैसी कई मशहूर फिल्मों का निर्देशन किया था।