छेड़छाड़ का विरोध करने पर बच्चे को पीटा
आरोप है कि पंद्रह वर्षीय किशोरी पांच वर्षीय बच्चे को खेलने के लिए बुलाने लगी, इंकार करने पर चॉक्लेट देने का लालच दिया
कोलकाता, जेएनएन। पांच वर्षीय बच्चे ने शारीरिक छेड़छाड़ करने का विरोध किया तो किशोरी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घर पहुंचे बच्चे के शरीर पर जख्म के निशान मिलने पर परिजनों में गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने गांव वालों के साथ मिलकर किशोरी और उसके जीजा की पिटाई कर दी। पहले किशोरी ने बच्चे पर ही यौन शोषण का आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन बच्चे के बयान के बाद पुलिस ने किशोरी को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार बद्र्धमान जिले के अंडाल अंतर्गत उखड़ा के कांकरडांगा में मंगलवार शाम एक पांच वर्षीय बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि उस समय पंद्रह वर्षीय किशोरी वहां पहुंची और बच्चे को खेलने के लिए बुलाने लगी। इन्कार करने पर चाकलेट देने का लालच देकर बच्चे को अपने घर ले गई। किशोरी के साथ उसका जीजा भी रहता है। कुछ देर बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा तो परिजन परेशान हो गए। उसके शरीर पर जख्म के भी निशान थे। परिजन हकीकत जानने के लिए किशोरी के घर पहुंचे तो उसने बच्चे पर ही यौन शोषण करने का आरोप लगा दिया।
किशोरी के बयान पर संदेह होने पर बच्चे के पिता ने उखड़ा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से गुस्साए परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर किशोरी और उसके जीजा की पिटाई कर दी। इसी बीच बच्चे ने बताया कि किशोरी उसके शरीर के साथ छेड़छाड़ कर रही थी। उसने भागने का प्रयास किया तो किशोरी ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए किशोरी को हिरासत में लिया है।