अस्वस्थ होने के बावजूद ब्रिगेड पहुंचे बुद्धदेव
-कन्हैया कुमार खराब स्वास्थ्य की वजह से ब्रिगेड परेड मैदान में वाम मोर्चा की रैली में शामिल नहीं
-कन्हैया कुमार खराब स्वास्थ्य की वजह से ब्रिगेड परेड मैदान में वाम मोर्चा की रैली में शामिल नहीं हो पाए
जागरण संवाददाता, कोलकाता :
माकपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य अस्वस्थ होने के बावजूद रविवार को ब्रिगेड परेड मैदान में वाम मोर्चा की रैली में हिस्सा लेने पहुंचे लेकिन शारीरिक अस्वस्थता के कारण वे नेताओं के साथ मंच साझा नहीं कर पाए। दोपहर डेढ़ बजे ब्रिगेड रैली लिए मैदान में पहुंचे भट्टाचार्य अपनी पत्नी के साथ कार में बैठे नजर आए। तकरीबन एक घंटे तक ब्रिगेड मैदान में रहने के बाद वह घर लौट गए। बता दें कि माकपा के वरिष्ठ नेता भट्टाचार्य को कम्पल्सरी ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिस्ऑर्डर (सीओपीडी) की समस्या है, जिसके कारण वह पिछले कई महीने से बिस्तर पर हैं। ब्रिगेड में अपने दिग्गज नेता की उपस्थिति से गदगद माकपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बुद्धो दा चाहे कुछ ही मिनट के लिए ही रैली में आए, लेकिन इससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ गया। वह बंगाल में हमारी पार्टी के सबसे कद्दावर नेता हैं। कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता का कोई सानी नहीं है। वे रोज दोपहर माकपा के राज्य मुख्यालय में नियमित रूप से आते रहते थे लेकिन पिछले कुछ महीने में उनके स्वास्थ्य में गिरावट देखी गई है, जिसकी वजह से वह उपलब्ध नहीं हो पाते। गौरतलब है कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते बुद्धदेव भट्टाचार्य ने पिछले साल मार्च में माकपा की राज्य समिति से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले उन्होंने पार्टी की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो से इस्तीफा दिया था।
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार खराब स्वास्थ्य की वजह से ब्रिगेड परेड मैदान में वाम मोर्चा की रैली में शामिल नहीं हो पाए। ब्रिगेड सभा की अध्यक्षता कर रहे वामो के चेयरमेन ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि युवा नेता कन्हैया कुमार शनिवार दोपहर से ही अपनी गर्दन में गंभीर अकड़न से पीड़ित हैं। इसलिए वे इस रैली में शामिल नहीं हो पाएंगे। कन्हैया के करीबी के अनुसार बिहार के उनके गृहनगर बेगुसराय में एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।