विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: माकपा नेता विकास रंजन भट्टाचार्य को जान से मारने की धमकी, CM शुभेंदु से की सख्त कार्रवाई की मांग

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:23 PM (IST)

माकपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य ने फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया ...और पढ़ें

विकास रंजन भट्टाचार्य को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी (फाइल फोटो)

विकास रंजन भट्टाचार्य को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। माकपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य ने फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि गुरुवार रात एक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।

फोन करने वाले ने उनकी दिवंगत मां के बारे में भी अपमानजनक टिप्पणियां कीं। विकास रंजन भट्टाचार्य ने इस मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। मुख्यमंत्री के पास राज्य के गृह और पुलिस विभाग की भी जिम्मेदारी है।

विकास रंजन भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया कि गुरुवार रात करीब 10.47 बजे उन्हें फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम सुकांत मंडल बताया। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि उसने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी तथा अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री से कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वह आत्मरक्षा के अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हालांकि, फोन करने वाले की पहचान और धमकी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

आवास पर हमले के मामले में गिरफ्तारी

इससे पहले दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके के पूर्वालोक स्थित विकास रंजन भट्टाचार्य के आवास पर पिछले सप्ताह हमला हुआ था। आरोप है कि तड़के दोपहिया वाहन से आए एक नकाबपोश व्यक्ति ने उनके घर पर शराब की बोतलें फेंकी थीं।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद बप्पा गुचैत नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसे तृणमूल कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता बताया गया है। इस बीच, एक हिंदुत्ववादी संगठन की ओर से भी विकास रंजन भट्टाचार्य के खिलाफ हिंदू धर्म को लेकर कथित अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।