स्वतंत्रता दिवस पर राज्यभर में वाममोर्चा बनाएगा मानव श्रृंखला
माकपा की अगुआई वाले वाममोर्चा की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर राज्यव्यापी मानव श्रृंखला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : माकपा की अगुआई वाले वाममोर्चा की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर राज्यव्यापी मानव श्रृंखला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 31 अगस्त और एक सितंबर को युद्ध विरोधी शांति जुलूस का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने दी। उन्होंने कहा कि माकपा व सहयोगी दलों की बैठक में निर्णय लिया गया है। 15 अगस्त को राज्यभर में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। कोलकाता में विशेष तौर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वाममोर्चा में शामिल सभी दलों के नेता अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसी तर्ज पर राज्य के विभिन्न जिलों में भी स्थान निर्धारित कर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय पार्टी नेतृत्व योगदान देंगे। कार्यक्रम के लिए सुबह 11 बजे से 11 बजकर 5 मिनट व शाम 4 बजे से 4 बजकर 5 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। कोलकाता में उस दिन सुबह 10.30 बजे के करीब माकपा व उसके सहयोगी दलों के नेता एकत्र होंगे और उसके बाद महानगर के सुबोध मल्लिक स्क्वॉयर में स्थित शहीद बेदी पर जाकर श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं एक सितंबर को अंतरराष्ट्रीय शाति दिवस के मौके पर युद्ध विरोधी शांति जुलूस का आयोजन किया जाएगा। जुलूस की शुरुआत रामलीला मैदान से दोपहर 2.30 बजे के करीब होगी। रैली एजेसी बोस रोड, महात्मा गांधी रोड होते हुए महाजाति सदन पहुंच कर संपन्न होगी।