देश व राज्य संकट के दौर से गुजर रहा : सुधाकर रेड्डी
- गौ रक्षा के नाम पर सरेआम की जा रही है हत्याएं जागरण संवाददाता, कोलकाता : भारतीय कम्युनिस्ट
- गौ रक्षा के नाम पर सरेआम की जा रही है हत्याएं
जागरण संवाददाता, कोलकाता : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सुधाकर रेड्डी ने रविवार को कोलकाता में ब्रिगेड रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की आर्थिक व्यवस्था का विनाश कर दिया है व देश संकट के दौर से गुजर रहा है। यहां तक कि अल्पसंख्यक और दलित आंसू बहाने को मजबूर हैं। सीबीआइ, ईडी, आयकर विभाग और आरबीआइ जैसे स्वायत्त संस्थाओं के अधिकारों को छिन कर उन्हें प्रधानमंत्री दफ्तर में हाजिरी के लिए मजबूर किया जा रहा है। देश की संसद में आम लोगों की समस्या पर चर्चा नहीं होती है और मोदी बंगाल व देशभर में घूम-घूम कर विकास की बातें कर रहे हैं। मोदी और शाह की जोड़ी ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया है। वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने अंतरिम बजट के जरिए किसानों और मध्यमवर्गीय लोगों को छलने का काम किया है। आज देश में सिर्फ तीन राज्यों को छोड़ दिया जाए तो अन्य राज्यों के जमीन संबंधित रिकॉर्ड तक नहीं मिलेंगे। शाह और मोदी सभाओं के जरिए लोगों को कहे फिर रहे हैं कि प्रति माह सौ रुपये जमा कीजिए, तीस साल बाद तीन हजार रुपये पैंशन के रूप में दिए जाएंगे। लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि तीस साल बाद तीन हजार रुपये का मूल्य क्या रह जाएगा। इतना ही नहीं गौ रक्षा के नाम पर सरेआम लोगों की हत्या की जा रही है। ऐसे में विकल्प के तौर पर वामपंथी ही बचे हैं। क्योंकि देश चलाने का एजेंडा हमारे पास है। हम धर्म निरपेक्षता की बात करते हैं। इधर, राज्य में तृणमूल सरकार ने विनाश कर रखा है और सिंडिकेट के जरिए राज्यवासियों को परेशान किया जा रहा है। खैर, हम ऐसी स्थिति में खामोश नहीं रह सकते हैं और जनता भी सब समझ चुकी है।