विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘बंगाल हमारा गर्व’ परियोजना में भी भ्रष्टाचार का आरोप, पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के खिलाफ जांच शुरू

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:11 PM (IST)

राज्य भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस मंत्री इंद्रनील सेन के खिलाफ 'बांग्ला मोदेर गर्बो' परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू की है।

'बांग्ला मोदेर गर्बो' परियोजना में भ्रष्टाचार का आरोप

 'बांग्ला मोदेर गर्बो' परियोजना में भ्रष्टाचार का आरोप

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने सूचना एवं संस्कृति विभाग की ‘बांग्ला मोदेर गर्बो’ (बंगाल हमारा गर्व) परियोजना के तहत मेले और प्रदर्शनियों के ठेकों में कथित अनियमितता की शिकायत पर जांच शुरू की है।

आयोग के पुलिस अधिकारी के जयरामन ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू होने की पुष्टि की है।

‘बांग्ला मोदेर गर्बो’ के तहत राज्य के जिलों में लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और इतिहास को बढ़ावा देने के लिए मेले और प्रदर्शनियां आयोजित की जाती थीं।

शिकायत के अनुसार, 2022 और 2023 में 23 जिलों में आयोजित इन कार्यक्रमों के लिए कई करोड़ रुपये के ठेके कुछ चुनिंदा कंपनियों को दिए गए। आरोप है कि तत्कालीन मंत्री इंद्रनील सेन ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर इन कंपनियों को ठेके दिलाए और इनके मालिक उनके रिश्तेदार एवं करीबी लोग थे।

मेले के स्टाल लगाने से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों की व्यवस्था तक का काम इन्हीं कंपनियों को मिलने की शिकायत की गई है। अन्य कंपनियों के आवेदन के बावजूद उन्हें ठेका नहीं देने का भी आरोप है।

खर्च और कंपनियों के संबंधों की पड़ताल

भ्रष्टाचार निरोधक आयोग के अधिकारी ठेका पाने वाली कंपनियों के मालिकों और इंद्रनील सेन के बीच संबंधों की जांच कर रहे हैं। प्रत्येक मेले में स्वीकृत राशि, वास्तविक खर्च और कंपनियों के लाभ का हिसाब भी खंगाला जा रहा है। स्थानीय कलाकारों के सामान की बिक्री से कथित कमीशन लिए जाने की शिकायत की भी जांच होगी।

जांच के दौरान इंद्रनील सेन और उनके करीबी लोगों से पूछताछ की जा सकती है। इसके बाद आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। इससे पहले पूजा पास से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता मामले में ईडी इंद्रनील सेन से पूछताछ कर चुकी है।