उत्तर बंगाल का कूचबिहार जिला भी कोरोना हॉटस्पॉट में तब्दील, 118 लोग बीमारी की चपेट में
राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी में बताया गया है कि अब तक यहां 118 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कोरोना महामारी का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। अब उत्तर बंगाल का कूचबिहार जिला भी कोरोना हॉटस्पॉट में तब्दील हो गया है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी में बताया गया है कि अब तक यहां 118 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 31 लोग पॉजिटिव हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक यहां किसी की मौत इस बीमारी की वजह से नहीं हुई है। सभी 118 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं और सभी का इलाज चल रहा है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर पहले से ही रेड जोन में शामिल था। उसके बाद मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, मालदा जिला रेड जोन में शामिल है। बीरभूम में भी तेजी से संक्रमण फैला है। हावड़ा जिला तो संक्रमण के मामले में कोलकाता को भी पीछे छोड़ता नजर आ रहा है। यहां 1156 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 49 लोग पॉजिटिव हो गए हैं। कोलकाता में 2295 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। इसमें 24 घंटे में 116 लोग पॉजिटिव हुए हैं। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। राज्य में पीड़ितों की संख्या 6100 के पार हो चुकी है।
लॉकडाउन में बालीटिकुड़ी सजीव संघ ने गरीब परिवारों में 2,500 राशन पैकेट बांटे
जागरण संवाददाता, कोलकाता : कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन के दौरान हावड़ा के बालीटिकुड़ी सजीव संघ ने जीवनरतन ट्रस्ट के सहयोग से 'प्रोजेक्ट राहत' के तहत जरूरतमंद लोगों के बीच बढ़-चढ़ कर खाद्य सामग्री का वितरण किया। संघ की ओर से बताया गया कि हावड़ा के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बालीटिकुड़ी इलाके में पिछले 2 महीने के दौरान करीब 2,500 राशन पैकेटों का वितरण किया गया। इनमें बड़ी संख्या में कारखानों में काम करने वाले मजदूर व गरीब लोग हैं। इस कार्य में हावड़ा नगर निगम के पूर्व एमएमआइसी विभाष हाजरा ने भी पूरा सहयोग किया और कई मौकों पर उन्होंने अपने हाथों राशन पैकेटों का वितरण किया।
सजीव संघ के सचिव मनोज मंडल ने बताया कि इलाके के प्रत्येक गरीब परिवार को 3 किलो चावल, 2 किलो आटा, 2 किलो आलू, 200 ग्राम सरसो तेल, 50 ग्राम करके हल्दी, धनिया व मिर्च पाउडर, 500 ग्राम नमक, सोयाबीन व एक सैवलोन साबुन से युक्त फूड पैकेट प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि कई चरणों में अबतक 2,500 से ज्यादा राशन पैकेटों का वितरण किया जा चुका है। कई परिवारों को संघ के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर राशन पैकेट पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जीवनरतन ट्रस्ट के सुरभि बाहेती व संजय बाहेती ने इसमें पूरा सहयोग किया। मंडल के अनुसार, लाकडाउन के दौरान सजीव संघ की पूरी कोशिश रही कि उनके इलाके में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहे। हर जरूरतमंद परिवार तक संकट के समय में खाद्य सामग्री पहुंचे इसी उद्देश्य के साथ यह प्रयास जारी रहा।वहीं, पूर्व एमएमआइसी बिभाष हाजरा ने लॉकडाउन के दौरान लगातार जरूरतमंद परिवारों को राशन उपलब्ध कराने को लेकर सजीव संघ के कार्यों की जमकर तारीफ की। मनोज मंडल ने यह भी बताया कि सजीव संघ की ओर से इलाके के सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों व अन्य लोगों के बीच 200 ग्राम करके सैनिटाइजर का भी वितरण किया गया। इसके साथ सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को मास्क भी प्रदान किया गया।