तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकेंगी ममता : कांग्रेस
कांग्रेस विधायक व विधानसभा में नेता विपक्ष अब्दुल मन्नान ने कहा- योजना बनाकर नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने चक्रवात की राहत सामग्री लूटी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कांग्रेस ने एक बार फिर चक्रवात एम्फन की राहत सामग्री के वितरण में हुई धांधली तथा आरोपितों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस विधायक तथा विधानसभा में नेता विपक्ष अब्दुल मन्नान ने कहा है कि इस भ्रष्टाचार में लिप्त आरोपितों के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोई कार्रवाई नहीं कर पाएंगी, क्योंकि वह लाचार हैं। वह जानती हैं कि वह अपने पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं के खिलाफ अगर कोई कानूनी कार्रवाई करती हैं तो विद्रोह हो जाएगा तथा वह सत्ता से बेदखल हो जाएंगी।
मन्नान ने कहा कि छोटे कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना उचित नहीं, लेकिन,जब तक बड़े भ्रष्टाचारियों को सरकार संरक्षण देगी, तब तक भ्रष्टाचार कैसे खत्म होगा। उन्होंने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष स्तर से लेकर निचले स्तर तक के नेताओं ने योजनाबद्ध तरीके से चक्रवात पीड़ितों के लिए आवंटित राहत सामग्री लूटी है।
विधानसभा में नेता विपक्ष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस राहत सामग्री वितरण में धांधली को लेकर अपने निचले दर्जे के नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा रही है। यह सब कुछ सोच समझ कर किया जा रहा है, ताकि लोगों को भ्रमित किया जा सके। सच्चाई यह है कि निचले स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक के नेता इस भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। योजना बनाकर राहत सामग्री को लूटी गयी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य की जनता को बेवकूफ बना रही हैं लेकिन इस बार जनता उनकी चालाकी समझ गई है। पश्चिम बंगाल के लोग सब कुछ जानते हैं और समझ रहे हैं। इसका समय पर जवाब भी देंगे।
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल में अगले साल चुनाव होने हैं। इसको लेकर अभी से सभी पार्टियां तैयारी में जुट गईं हैं। भाजपा ने भी ममता बनर्जी की सरकार पर राहत सामग्री वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। भाजपा का आरोप है कि राहत सामग्री बांटने में भ्रष्टाचार हुआ है, सरकार अपने लोगों को बचा रही है, एक घर से 5-7 लोगों का नाम लिस्ट में दिया है।