सांसद व महिला नेत्री की फर्जी तस्वीरें साझा करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज
फेक न्यूज गिरोह ने तस्वीरों को एक साथ जोड़कर गलत तरीके से सोशल साइट पर साझा की है। इसके खिलाफ पुलिस साइबर सेल में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं
कोलकाता, जागरण संवाददाता। सोशल मीडिया पर सांप्रादायिक अथवा किसी अन्य आपराधिक साजिश के तहत तस्वीरों से छेड़छाड़ कर साझा करने वाले गिरोह का शिकार अब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सह सांसद गौरव गोगोई व प्रदेश कांग्रेस की सोशल मीडिया सेल की इंचार्ज मीता चक्रवर्ती हुई हैं।
फेक न्यूज गिरोह ने दोनों की तस्वीरों को एक साथ जोड़कर गलत तरीके से सोशल साइट पर साझा की है। इसके खिलाफ कोलकाता पुलिस साइबर सेल में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। एक शिकायत मीता ने दर्ज कराई है और दूसरी शिकायत पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के को-आर्डिनेटर अनुपम घोष ने दर्ज कराई है।
इस बारे में दैनिक जागरण से बातचीत में मीता ने बताया कि गोगोई के कोलकाता दौरे के दौरान उनके साथ कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारियों की सामूहिक तस्वीरें ली गई थीं। इसे प्रदेश कांग्रेस की ओर से सोशल साइट पर साझा की गई थीं। इन तस्वीरों को डाउनलोड कर फेसबुक पर 'कोलकाता लिबरल' नामक एक ग्रुप में अमिय चक्रवर्ती नामक एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ कर गोगोई के साथ केवल मीता को दर्शाया है।
इसके साथ ही इसपर तरह-तरह के भद्दे, अश्लील व सांप्रदायिक कमेंट किए गए हैं। मीता ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने इससे संबंधित स्क्रीन शॉट के साथ साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कर तस्वीर से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।