विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बंगाल में निवेशकों का स्वागत, लेकिन धोखेबाजों की जगह नहीं', CM शुभेंदु बोले- पिछली सरकार में सब फर्जी था

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:04 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर उद्योग के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में निवेशकों का स्वागत है, लेकिन धोखेबाजों का नहीं।

बंगाल में औद्योगिक निवेश पर CM शुभेंदु अधिकारी का बयान (फाइल फोटो)

बंगाल में औद्योगिक निवेश पर CM शुभेंदु अधिकारी का बयान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया।

  2. बंगाल में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन पर जोर।

  3. अदाणी सहित बड़े समूहों के साथ हुए समझौते।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उद्योग के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया।

शुभेंदु ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में बंगाल ग्लोबल व्यापार सम्मेलन (बीजीबीएस) के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन उद्योग के क्षेत्र में जमीन पर ठोस परिणाम सामने नहीं आए।

कोजागरी लक्ष्मी पूजा के अवसर पर अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर के रामनगर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी निवेशकों का स्वागत है, बशर्ते वे धोखेबाज न हों। उन्होंने टिप्पणी की कि पिछली सरकार में सब फर्जी थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन व भाजपा की सरकार बनने के बाद विभिन्न स्थानों पर औद्योगिक परियोजनाओं का काम शुरू हो चुका है। कई परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और सरकार हर महीने कुछ न कुछ नया काम करेगी। शुभेंदु ने दावा किया कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर के बड़े औद्योगिक समूह भी निवेश में रुचि दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि अदाणी समेत कई बड़े औद्योगिक समूहों के साथ समझौते हो चुके हैं।

निवेश और रोजगार पर सरकार का जोर

शुभेंदु ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार की बैठकें चाय-बिस्कुट और चाय-समोसे तक सीमित रहती हैं, जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में किए गए दावों का वास्तविक परिणाम जनता देख चुकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर काम करने की तैयारी कर रही है। युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आइआइटी) के साथ समझौते (एमओयू) किए जा रहे हैं।

लक्ष्मी पूजा पर आर्थिक समृद्धि की कामना की

मुख्यमंत्री ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान जान गंवाने वाली पूर्व मेदिनीपुर के रामनगर निवासी कल्पना जाना के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की ओर से 25 लाख रुपये का सरकारी सहायता का चेक सौंपा और परिवार के दो छोटे बच्चों के अभिभावक के रूप में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

लक्ष्मी पूजा की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने बंगाल में आर्थिक समृद्धि आने, युवाओं को रोजगार मिलने, प्रवासी श्रमिकों के घर लौटने और किसानों की खुशहाली की कामना की।