विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल के हावड़ा में पूर्व तृणमूल विधायक के कार्यालय पर चला बुलडोजर, गंगा किनारे निर्माण ध्वस्त

Published: Tue, 22 Sep 2026 08:07 PM (IST)

हावड़ा में नगर निगम ने गंगा किनारे बने तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यालय को अवैध निर्माण बताते हुए बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

पूर्व तृणमूल विधायक के कार्यालय पर चला बुलडोजर। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पूर्व तृणमूल विधायक के कार्यालय पर चला बुलडोजर। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. हावड़ा में नगर निगम ने तृणमूल कांग्रेस का अवैध कार्यालय ध्वस्त किया।

  2. यह कार्यालय पूर्व विधायक गौतम चौधरी का, गंगा किनारे बना था।

  3. राज्य में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी रहेगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हावड़ा में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने गंगा किनारे बने तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यालय को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्यालय उत्तर हावड़ा के पूर्व तृणमूल विधायक और हावड़ा जिला सदर के पूर्व अध्यक्ष गौतम चौधरी का बताया गया है। प्रशासन की ओर से इसे अवैध निर्माण बताया गया है।

स्थानीय भाजपा नेता रवि साव ने आरोप लगाया कि गंगा किनारे मंदिर से सटे हिस्से में तृणमूल का कार्यालय बनाया गया था। उनके अनुसार, कार्यालय के कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वहां रात में असामाजिक गतिविधियां और शराब का जमावड़ा होता था।

मंगलवार को नगर निगम के कर्मचारी बुलडोजर लेकर पहुंचे और कार्यालय को तोड़ दिया। गौतम चौधरी की ओर से कार्रवाई या निर्माण को अवैध बताए जाने पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद विभिन्न इलाकों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। हावड़ा के अलावा रेलवे स्टेशनों के आसपास भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई है। हावड़ा स्टेशन के बाहर करीब डेढ़ सौ दुकानों, ट्रालियों और डालों को हटाया गया था।

दमदम, पार्क सर्कस और बालीगंज स्टेशनों पर भी ऐसी कार्रवाई की गई। आमतला में अभिषेक बनर्जी के एक कार्यालय पर भी बुलडोजर चलाने की शिकायत सामने आई थी। हालांकि उस कार्यालय को तोड़े जाने पर फिलहाल अदालत की रोक है। प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।