युवा दिवस पर BSF ने कोलकाता में निकाली 15KM लंबी साइकिल रैली, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर ने कोलकाता में 15 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाली।

बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर 15 किमी साइकिल रैली निकाली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राजीव कुमार झा, कोलकाता। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की ओर से बुधवार को कोलकाता के राजरहाट न्यूटाउन स्थित फ्रंटियर मुख्यालय से 15 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाली गई।
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर साइकिल रैली निकाली
रैली का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के महानिरीक्षक (आइजी) दलजीत सिंह, आइपीएस ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीमा सुरक्षा बल के विभिन्न रैंकों के जवानों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। रैली फ्रंटियर मुख्यालय से रवाना होकर कोलकाता के विभिन्न क्षेत्र से गुजरते हुए बिस्व बांग्ला गेट तक पहुंची और फिर वापस फ्रंटियर मुख्यालय लौटी।

युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
रैली के दौरान बीएसएफ जवानों ने मार्ग में आम लोगों, विशेषकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण की रक्षा करने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
रैली को रास्ते में आम लोगों का भी उत्साहपूर्ण समर्थन मिला। विभिन्न स्थानों पर लोग साइकिल रैली को देखने के लिए जुटे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
