सीमा पार कर बालू चोरी करने घुसे बांग्लादेशी, BSF पर बरसाए पत्थर; जवानों ने ग्रेनेड चलाकर खदेड़ा
कूचबिहार के मेखलीगंज में बांग्लादेशी घुसपैठियों ने भारतीय सीमा में घुसकर बालू चोरी का प्रयास किया और बीएसएफ पर पथराव ...और पढ़ें
-1792939771593_m.webp)
बांग्लादेशियों को खदेड़ते स्थानीय लोग और बीएसएफ जवान।
HighLights
बांग्लादेशी घुसपैठियों ने भारतीय सीमा में घुसकर बालू चोरी की।
बीएसएफ जवानों पर पथराव, आत्मरक्षा में ग्रेनेड का प्रयोग।
मुख्यमंत्री ने घटना पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, मेखलीगंज। बंगाल में कूचबिहार जिले के मेखलीगंज ब्लाक के भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती वोटबाड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र में कई बांग्लादेशी घुसपैठिए भारतीय सीमा क्षेत्र में आ गए। यह सभी सानियाजान नदी से बालू चोरी करने आए थे।
सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने रोकने की कोशिश की तो उनपर पथराव शुरू कर दिया। इससे स्थिति बिगड़ गई। बीएसएफ जवानों को आत्मरक्षा में ग्रेनेड चलाना पड़ा। इसके बाद बांग्लादेशी घुसपैठिए पीछे हटने को मजबूर हो गए। इस घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रविवार को भी इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सख्ती और बढ़ाई जाएगी। पुलिस भी मामले को देख रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सीमा पार से बालू और मिट्टी चोरी करने के अलावा तस्करी की कोशिशें भी होती रहती हैं। विरोध करने पर भारतीय नागरिकों पर हमले का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मेखलीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक दधिराम राय ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने सीमा पर अवैध घुसपैठ और तस्करी रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की पर जोर दिया।
कुछ दिन पहले भी हुई ऐसी घटना
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी ब्लाक के चेंगड़ाबांधा सीमावर्ती क्षेत्र में धरला नदी के पास भी इसी तरह की घटना हुई थी। अब यहां से कुछ किलोमीटर दूर वोटबाड़ी में हुई घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भय के माहौल में रहना पड़ता है। रात में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
सीमा पर बढ़ी निगरानी
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक सीमा पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और तस्करी सहित अवैध गतिविधियों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है। मेखलीगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
