बीएसएफ ने मत्स्य डिंब की तस्करी करते बांग्लादेशी तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया
बीएसएफ ने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास से मत्स्य डिंब की तस्करी करते एक बांग्लादेशी तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके पास से 12 पोली बैग मत्स्य डिंब जब्त किया गया। जब्त मत्स्य डिंब की अनुमानित कीमत 60000 रुपये है
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास से मंगलवार को मत्स्य डिंब की तस्करी करते एक बांग्लादेशी तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके पास से 12 पोली बैग मत्स्य डिंब जब्त किया गया।जब्त मत्स्य डिंब की अनुमानित कीमत 60,000 रुपये है। मत्स्य डिंब को सीमा चौकी दोबारपारा के क्षेत्र से तस्करी के लिए बांग्लादेश ले जाया जा रहा था।
बीएसएफ की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई है। इसके अनुसार, 11 मई को प्राप्त खुफिया सूचना पर कार्य करते हुये सीमा चौकी दोबारपारा, 158वीं वाहिनी, सेक्टर कोलकाता के जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक एक विशेष पट्रोलिंग निकाली।इस दौरान दोपहर लगभग 12:15 बजे जवानों ने कुछ संदिग्ध तस्करों को बैग (पोटला) के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा की तरफ बढ़ते हुए देखा जो तस्करी के उद्देश्य से भारत से बांग्लादेश की तरफ जाना चाह रहे थे। जब पेट्रोलिंग पार्टी ने उन्हें चुनौती दी तो तस्कर वापस भारतीय क्षेत्र में भागने की कोशिश करने लगे। जवानों ने पीछा कर उसमें से एक तस्कर को पकड़ लिया तथा अन्य तस्कर अंधेरे तथा सघन वनस्पति का फायदा उठाकर भागने मे सफल रहे। जब पट्रोलिंग पार्टी ने इलाके की तलाशी ली तो वहां से 12 पोली बैग मत्स्य डिंब बरामद हुआ।
पकड़े गए तस्कर की पहचान मो. लिट्टन हुसैन (27), ग्राम- अभयबास, थाना- सरसा, जिला– यशोर बांग्लादेश के रूप में हुई है। पूछताछ में पकड़े गए तस्कर ने बताया कि वह बांग्लादेशी नागरिक है तथा मजदूर का कार्य करता है। आगे उसने स्वीकार किया कि वह उसके ही गांव का निवासी खारुल नामक तस्कर के कहने पर अंतरराष्ट्रीय सीमा क्रॉस करके भारत मे मत्स्य डिंब लेने आया था, जिसके बदले उसे 2,000 रुपये प्रति पोटला मिलते हैं। जब वह एक अपरिचित भारतीय तस्कर से 12 पोटला मत्स्य डिम्ब लेकर जा रहा था उसी दौरान जवानों ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार तस्कर तथा जब्त की गई मत्स्य डिंब को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए गायघाटा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
बीएसएफ कमांडेंट ने जवानों की प्रशंसा की
इधर, 158वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने अपने जवानों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की, जिसके परिणामस्वरूप इस प्रकार के प्रतिबंधित सामान की तस्करी को नाकाम करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया तथा 12 पॉली बैग मत्स्य डिंब जब्त की गई। उन्होंने कहा कि यह केवल ड्यूटी पर तैनात उनके जवानों द्वारा प्रदर्शित सतर्कता के कारण ही संभव हो सका है।