विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल बार काउंसिल के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा, तीनों अहम पदों पर जीत

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:33 PM (IST)

पश्चिम बंगाल स्टेट बार काउंसिल चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने तीनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

बंगाल बार काउंसिल के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा।

बंगाल बार काउंसिल के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा।

HighLights

  1. भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने तीनों महत्वपूर्ण पद जीते।

  2. समीर पाल अध्यक्ष, अजय चौबे उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

  3. शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम बंगाल स्टेट बार काउंसिल के पदाधिकारियों के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने तीनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार शाम कोलकाता के मैदान इलाके में स्थित पीडब्ल्यूडी टेंट में संवाददाता सम्मेलन में चुनाव के नतीजों की जानकारी देते हुए बताया कि समीर पाल अध्यक्ष और अजय चौबे उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वहीं, अरुण सरकार ने बार काउंसिल आफ इंडिया में बंगाल के प्रतिनिधि पद पर जीत हासिल की है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अध्यक्ष पद के चुनाव में समीर पाल को 18 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को आठ मत प्राप्त हुए। पाल ने 10 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर अजय चौबे को 17 मत मिले, जबकि उनके विरोधी उम्मीदवार को नौ मत प्राप्त हुए। उन्होंने आठ मतों के अंतर से जीत हासिल की।

इसी तरह, बार काउंसिल ऑफ इंडिया में बंगाल के प्रतिनिधि पद के चुनाव में अरुण सरकार को 17 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 9 मत प्राप्त हुए। इस पद पर भी जीत का अंतर आठ मत रहा।

शुभेंदु ने इस दौरान भाजपा समर्थित सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया और भाजपा व राज्य सरकार के प्रति समर्थन जताने के लिए कृतज्ञता प्रकट किया। कहा कि वकीलों का राज्य सरकार के प्रति भरोसा बढ़ा है।

पूजा के बाद होगी नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ बैठक

शुभेंदु ने कहा कि बार काउंसिल के सदस्यों का चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले हुआ था, लेकिन नतीजे बाद में घोषित किए गए। उन्होंने दावा किया कि पहले तृणमूल कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत की चर्चा थी, लेकिन पदाधिकारियों के चुनाव में तस्वीर अलग रही। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य बार काउंसिल में 1,000 से अधिक सदस्य हैं।

उन्होंने घोषणा की कि दुर्गापूजा के बाद बार काउंसिल के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य के विकास के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।

शुभेंदु का ममता पर तंज, बोले- अस्तित्व बचाने के लिए माकपा के सामने झुक

शुभेंदु ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस इस समय तीन धड़ों में बंटी हुई है और राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए माकपा के सामने झुकने को मजबूर हो रही है।

उन्होंने ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि तृणमूल के नेता राजनीतिक वजूद बनाए रखने के लिए अलग-अलग समूहों व राष्ट्र विरोधी शक्तियों से संपर्क साध रहे हैं।

शुभेंदु ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का न तो पहले जैसा नाम रह गया है और न ही उसका प्रभाव। उन्होंने बेलियाघाटा के तृणमूल विधायक की हालिया रैली में 12-13 लोगों के शामिल होने का उल्लेख करते हुए पार्टी की संगठनात्मक स्थिति पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल अब तक अपना नया झंडा तक तैयार नहीं कर पाई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि दुर्गापूजा के दौरान तृणमूल नेताओं को पहले की तरह आमंत्रित नहीं किया जा रहा है और लोग उन्हें उतना महत्व नहीं दे रहे हैं। शुभेंदु ने फलता, रेजीनगर और नंदीग्राम के उपचुनावों के नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि तृणमूल का सूपड़ा साफ हो चुका है।