केंद्रीय बलों की मौजूदगी में निकाय चुनाव की मांग करेगी भाजपा, बंगाल भाजपा अध्यक्ष डा सुकांत मजूमदार का बेहतर प्रदर्शन का दावा
बंगाल में इस साल के अंत में संभावित नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा सुकांत मजूमदार ने बुधवार को कहा कि वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा पूरी मजबूती से निकाय चुनाव लड़ेगी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में इस साल के अंत में संभावित नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा सुकांत मजूमदार ने बुधवार को कहा कि वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा पूरी मजबूती से निकाय चुनाव लड़ेगी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को कड़ी टक्कर देगी। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मजूमदार ने टीएमसी सरकार पर हार के डर से निकाय चुनाव को इतने लंबे समय से लंबित रखने का भी आरोप लगाया। उन्होंने विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि तृणमूल सरकार हिंसा का माहौल बनाकर निकाय चुनाव जीतना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस की बदौलत प्रदेश में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संभव नहीं है। बंगाल पुलिस पर उन्हें भरोसा नहीं है। इसीलिए वह चाहते हैं कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी में निकाय चुनाव हो। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की घोषणा होते ही वह केंद्रीय बलों की मौजूदगी में चुनाव की मांग करेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो वह इसके लिए अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे। इसके साथ ही मजूमदार ने दावा किया कि निकाय चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और अधिक से अधिक निगमों व पालिकाओं में जीत दर्ज करेगी।
बता दें कि कोलकाता व हावड़ा नगर निगम समेत बंगाल में 100 से ज्यादा नगर निकायों के लिए चुनाव होने हैं। राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि दिसंबर में निकाय चुनाव की घोषणा हो सकती है। दरअसल बंगाल में दो साल पहले ही 100 से ज्यादा नगर निकायों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। राज्य सरकार की ओर से प्रशासकों की नियुक्ति कर नगर निकायों का कामकाज चलाया जा रहा है। चुनाव लंबित रखने को लेकर भाजपा लगातार हमलावर रही है।